राहुल बोले- महात्मा गांधी की विरासत को हथियाना आसान, लेकिन उनके पदचिह्नों पर चलना मुश्किल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 02, 2022

बदनवालु (कर्नाटक)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को महात्मा गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी और कहा कि सत्ता में बैठे लोगों के लिए महात्मा गांधी की विरासत को ‘‘हथियाना’’ आसान है, लेकिन उनके पदचिह्नों पर चलना मुश्किल है। राहुल ने एक खादी ग्रामोद्योग केंद्र का दौरा करने के बाद कहा कि महात्मा गांधी की हत्या करने वाली विचारधारा ने पिछले आठ वर्षों में असमानता, विभाजन और कड़ी मेहनत से हासिल की गई आजादी का क्षरण किया है। महात्मा गांधी ने 1927 में इस केंद्र का दौरा किया था। 

 

इसे भी पढ़ें: बेमिसाल थी गांधी जी की स्पष्टवादिता और सत्यनिष्ठा


कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने एक बयान में कहा, ‘‘हम भारत के महान सपूत को याद करते हैं तथा उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं। हमारे इस स्मरण ने इस बात को और मर्मस्पर्शी बना दिया है कि हम भारत जोड़ो यात्रा के 25वें दिन में यात्रा पर हैं, ऐसी पदयात्रा जिसमें हम उनके अहिंसा, एकजुटता, समानता और न्याय के पथ पर चल रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जिस तरह से गांधी जी ने ब्रिटिश राज से लड़ाई लड़ी, वैसे ही हमने गांधी की हत्या करने वाली विचारधारा से लड़ने की शुरुआत की है। इस विचारधारा ने पिछले आठ वर्ष में असमानता, विभाजन और कड़ी मेहनत से हासिल की गयी आजादी का क्षरण किया है। हिंसा तथा असत्य की इस राजनीति के खिलाफ, भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक अहिंसा और स्वराज के संदेश को फैलाएगी।’’ 

 

इसे भी पढ़ें: महात्मा गांधी को उनकी 152 वी जयंती पर याद कर रहा देश, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने राजघाट जाकर दी श्रद्धांजलि


राहुल ने कहा कि कांग्रेस की यात्रा भय, घृणा और विभाजन की राजनीति के खिलाफ भारतीय लोगों की शांत और दृढ़ आवाज है। उन्होंने कहा, ‘‘सत्ता में बैठे लोगों के लिए गांधी जी की विरासत को हथियाना आसान है लेकिन उनके पदचिह्नों पर चलना कहीं ज्यादा मुश्किल है।’’ कांग्रेस नेता ने एक प्रार्थना सभा में भी भाग लिया और खादी ग्रामोद्योग केंद्र में महिला बुनकरों से बातचीत की।

प्रमुख खबरें

Prabhasakshi NewsRoom: China जब Air Pollution की समस्या से निजात पा सकता है तो भारत ऐसा क्यों नहीं कर सकता?

Shirdi Sai Baba Temple: शिरडी साईं बाबा के दर्शन करने का बना रहे प्लान, यहां देखें यात्रा से जुड़ी हर डिटेल्स

अब पराली नहीं जलाई जा रही फिर भी दिल्ली में वायु प्रदूषण का संकट क्यों: पंजाब के मुख्यमंत्री मान

Manipur के बिष्णुपुर जिले में फिर गोलीबारी से तनाव बढ़ा