राहुल का मोदी पर निशाना, बोले- मुझ पर नहीं चलता ईडी और सीबीआई का दवाब

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 10, 2022

देहरादून। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उनकी बात नहीं सुनने के आरोप पर बृहस्पतिवार को पलटवार करते हुए कहा कि इसका मतलब यह है कि उन पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) का दवाब नहीं चलता। हरिद्वार जिले के मंगलौर में कांग्रेस प्रत्याशी काजी निजामुद्दीन के पक्ष में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बुधवार को एक साक्षात्कार में कहा कि राहुल सुनता नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘इस लाइन का मतलब आपको मैं बताता हूं। इसका मतलब है कि राहुल पर ईडी और सीबीआई का दवाब नहीं चलता, यह मेरी नहीं सुनता। इस पर मैं जितना भी दवाब डाल दूं,यह पीछे नहीं हटता।’’ इस संबंध में गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री सोचते हैं कि सबको उनसे डर लगता है, लेकिन उन्हें उनसे डर नहीं लगता। उन्होंने कहा, ‘‘उल्टा उनके अहंकार को देखकर मुझे हंसी आती है।’’ देश को अरबपतियों और गरीबों के दो हिस्सों में बांट कर दो हिंदुस्तान बनाने के अपने आरोप को दोहराते हुए कांग्रेस नेता ने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने नोटबंदी और गलत जीएसटी जैसे फैसलों को लागू कर छोटे व्यापारियों, दुकानदारों, किसानों और मजदूरों को बर्बाद कर दिया। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या नोटबंदी से देश में काला धन समाप्त हो गया? कांग्रेस नेता कहा, ‘‘यह कालाधन सफेद हो गया और भाजपा को मिल गया।’’ गांधी ने कहा कि मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण उत्तराखंड सहित पूरा देश बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहा है। ​उन्होंने कहा कि देश को रोजगार अरबपति नहीं बल्कि छोटे व्यापारी, दुकानदार और किसान देते हैं जिन्हें केंद्र सरकार ने बर्बाद कर दिया। राहुल गांधी ने कोरोना महामारी से निपटने में विफल रहने का भी आरोप लगाया और कहा कि जहां दूसरे देशों ने अपने नागरिकों से इससे सावधान रहने को कहा जबकि मोदी ने लोगों से थाली बजाने और मोबाइल फोन की रोशनी जलाने को कहा। उन्होंने कहा, ‘‘जब आपके माता-पिता और बच्चों को ऑक्सीजन और वेंटिलेटर की जरूरत थी तो आपकी सरकार कहां थी?’’ गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि कोरोना महामारी के समय केंद्र सरकार ने मजदूरों को सड़कों पर बेसहारा छोड़ दिया जबकि कांग्रेस द्वारा उनके लिए ​की गयी बसों की व्यवस्था को भी भाजपा की सरकारों ने लेने से मना कर दिया। कांग्रेस नेता ने कहा कि केंद्र सरकार ने हर साल दो करोड युवाओं को रोजगार का वादा किया था लेकिन उसने उनका भी रोजगार छीन लिया, जिनके पास रोजगार था। उन्होंने दावा किया कि संप्रग सरकार ने अपने 10 साल के कार्यकाल में 27 करोड लोगों को गरीबी से निकाला था लेकिन मोदी सरकार ने पिछले सात सालों में 23 करोड लोगों को दोबारा गरीबी में धकेल दिया। गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री गरीबों की जेब से धन निकालकर चंद अरबपतियों को फायदा पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ आज के हिंदुस्तान में 100 लोगों के पास उतना धन है जितना देश की 40 प्रतिशत आबादी के पास है।’’ 

प्रमुख खबरें

UP Assembly Election 2027: BJP को रोकने के लिए AIMIM चीफ Owaisi ने विपक्षी दलों से मांगा साथ

Kerala University में राजनीतिक गतिविधियों पर रोक का ड्राफ्ट नियम, कर्मचारी यूनियन ने जताया विरोध

उत्तराखंड में 160 किमी लंबे 51 Ropeway प्रोजेक्ट प्रस्तावित, 9 नवंबर से शुरू होगा काम

पूर्व उपराष्ट्रपति Hamid Ansari के बयान पर CM Yogi Adityanath का पलटवार, सनातन परंपरा के अपमान का लगाया आरोप