राहुल का सरकार पर तंज, कहा- भारत के लिए जुमला और चीन के लिए नौकरियां पैदा कीं
By अंकित सिंह | Feb 04, 2022
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी चीन के बहाने लगातार सरकार पर हमलावर है। इसके साथ ही वह सरकार पर बेरोजगारी को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं। इन सबके बीच आज एक बार फिर से राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सरकार ने भारत के लिए जुमला और चीन के लिए नौकरिया पैदा की हैं। अपने ट्वीट में राहुल गांधी ने लिखा कि भारत के लिए जुमला, चीन के लिए नौकरियां। मोदी सरकार ने असंगठित क्षेत्र और एमएसएमई को बर्बाद कर दिया जो सबसे ज्यादा नौकरियों का सृजन करते हैं। नतीजा यह है कि ‘मेक इन इंडिया’ (भारत में निर्माण) ‘बाय फ्रॉम चाइना’ (चीन से खरीद) बन गया है। इसके साथ ही कांग्रेस नेता ने जो वीडियो साझा किया, उसमें कहा गया है कि मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार के मुकाबले मौजूदा सरकार में चीन से आयात में बढ़ोतरी हुई है और 2021 में चीन से आयात 46 प्रतिशत बढ़ गया है। इससे पहले राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा था कि चीन भारतीय नागरिकों का अपहरण कर उन्हें प्रताड़ित कर रहा है और वह (मोदी) चुपचाप “अच्छे दिनों” का इंतजार कर रहे हैं। गांधी ने ट्वीट किया था कि चीन ने पहले हमारे देश की जमीन पर कब्जा किया और अब हमारे नागरिकों का अपहरण और उन्हें प्रताड़ित कर रहा है। मोदी जी चुपचाप अच्छे दिनों का इंतजार कर रहे हैं। शर्मनाक।