राफेल मामले पर राहुल गांधी के आरोपों को जावड़ेकर ने किया सिरे से खारिज

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 08, 2019

नयी दिल्ली। भाजपा ने शुक्रवार को राफेल सौदे के मुद्दे पर राहुल गांधी के आरोपों को उनकी झूठ निर्माण फैक्टरी का एक अन्य झूठ करार दिया और आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष विदेशी ताकतों की शह पर लड़ाकू विमान सौदा रद्द कराने के लिये काम कर रहे हैं। राफेल मामले में एक अखबार में प्रकाशित खबर के आधार पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए आज आरोप लगाया कि इस विमान सौदे को लेकर मोदी ने फ्रांस के साथ समानांतर बातचीत की और उन्हें इस पर जवाब देना चाहिए। अब स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री ने इस देश से चोरी की है। 

कांग्रेस अध्यक्ष के बयान के बाद भाजपा के कई केंद्रीय मंत्रियों ने राहुल गांधी पर तीखा प्रहार किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने संवाददाताओं से कहा, ‘राहुल गांधी की झूठ निर्माण फैक्टरी का काम जारी है और उसने एक और झूठ परोसा है। हम इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हैं।’ उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी बताएं कि हाल की उनकी यूरोप यात्रा के दौरान किस विमान कंपनी के अधिकारियों ने उनसे मुलाकात की थी। जावड़ेकर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस राफेल सौदे को खत्म करने के लिये काम कर रहे हैं। वे विदेशी ताकतों और निहित स्वार्थ से जुड़ी कंपनियों के हाथों में खेल रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: राफेल मामले में विपक्ष के आरोपो पर रक्षामंत्री सीतारमण ने दिया करारा जवाब

केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नीत संप्रग सरकार ने साल 2011 में राफेल सौदे को अंतिम रूप दिया लेकिन उस पर अमल नहीं किया क्योंकि उन्हें ‘कमीशन’ नहीं मिला। कांग्रेस सरकार के दौरान कोई भी सौदा बिना कमीशन के नहीं हो सकता था। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि एक डरे हुए डिफॉल्टर अभद्र शब्दों का उपयोग कर रहे हैं। कांग्रेस भ्रष्टाचारियों की मंडली बन कर रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी एवं कांग्रेस देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाली ताकतों से सुपारी लेकर झूठे और मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं तथा देश की सुरक्षा से जुड़े विषयों के संबंध में भ्रम पैदा करने का षड्यंत्र कर रहे हैं।

नकवी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष अपने परिवार के खिलाफ चल रही जांच के मुद्दे से ध्यान बांटने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस बार बार बेनकाब हुई है और उनके झूठ को लोग समझते हैं। वहीं, जावड़ेकर ने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने कहा कि राफेल सौदे में कोई घोटाला नहीं है, लेकिन राहुल गांधी अदालत की बात स्वीकार नहीं करते। बार बार झूठ बोलने से वह सच नहीं बन जाता है। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विश्वसनीयत देश के लोगों में उच्च है और वह राष्ट्रीय हितों को सर्वोपति मानते हैं जबकि कांग्रेस का भ्रष्टाचार से करीबी नाता है।

इसे भी पढ़ें: राफेल मामले में राहुल ने फिर बोला मोदी पर हमला, कहा- चौकीदार चोर है तो है

जावड़ेकर ने कहा कि विभिन्न मंत्रालयों के कामकाज पर नजर रखना प्रधानमंत्री कार्यालय का काम है। लोकसभा में विपक्ष पर निशाना साधते हुए रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, ‘विपक्ष बहुराष्ट्रीय कंपनियों और निहित स्वार्थ से जुड़े तत्वों के हाथों में खेल रहा है। उनकी (विपक्ष) वायु सेना को मजबूत बनाने में कोई रुचि नहीं है।’ सीतारमण ने कहा कि पीएमओ की ओर से विषयों के बारे में समय-समय पर जानकारी लेना हस्तक्षेप नहीं कहा जा सकता है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि संप्रग सरकार के दौरान राष्ट्रीय सलाहकार परिषद (एनएसी) बनाई गयी थी जिसकी अध्यक्ष सोनिया गांधी थीं, उसका पीएमओ में कितना हस्तक्षेप था? केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर झूठ बोलने का आरोप लगाया और कहा कि उच्चतम न्यायालय की ओर से फैसला आने के बाद इस मामले में कुछ नहीं बचता है।

All the updates here:

प्रमुख खबरें

महिंद्रा एंड महिंद्रा को इंडोनेशिया की एग्रीनास से मिला 35,000 स्कॉर्पियो पिकअप की आपूर्ति का ठेका

Satyendra Nath Bose Death Anniversary: Albert Einstein संग काम किया, फिर भी क्यों गुमनाम रह गए God Particle के जनक

Birju Maharaj Birth Anniversary: Kathak को Global Stage तक ले गए थे बिरजू महाराज, जानिए दिसचस्प किस्से

Bhimsen Joshi Birth Anniversary: 19 की उम्र में पहली Performance, भीमसेन जोशी ने 7 दशकों तक किया संगीत पर राज