RCF Kapurthala निर्मित पहली Vande Bharat ट्रेन को मिली सशर्त मंजूरी, रेलवे ने सुधारी जाने वाली कमियां गिनाईं

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 26, 2026

रेलवे बोर्ड ने पंजाब के कपूरथला स्थित रेल कोच फैक्टरी (आरसीएफ) में निर्मित 16 डिब्बों वाली पहली वंदे भारत चेयर कार ट्रेन के परिचालन को मंजूरी दे दी है, लेकिन कई महत्वपूर्ण खामियां गिनाते हुए संबंधित अधिकारियों को उन्हें दूर करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने बताया कि अभी सेवा दे रहीं सभी वंदे भारत चेयर कार का निर्माण चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्टरी (आईसीएफ) में हुआ है। कपूरथला स्थित आरसीएफ में निर्मित यह पहली वंदे भारत चेयर कार होगी, जिसमें एल्सटॉम का प्रणोदन तंत्र लगा है।

बोर्ड ने 23 अक्टूबर, 2026 को लिखे पत्र में कहा, ‘‘विद्युत नियंत्रण कैबिनेट (ईसीसी) में लगाए गए एमसीबी (मिनिएचर सर्किट ब्रेकर) पहले के वंदे भारत चेयर कार संस्करणों में इस्तेमाल किए गए दो-पोल एमसीबी के बजाय सिंगल-पोल हैं।’’ पत्र में कहा गया, ‘‘इससे किसी खराबी या गड़बड़ी की स्थिति में उसका पता लगाने में गंभीर कठिनाइयां आ सकती हैं। इस ट्रेन में इस खामी को जल्द से जल्द दूर किया जाना चाहिए और भविष्य में तैयार होने वाली सभी ट्रेन में डबल-पोल एमसीबी लगाए जाने चाहिए।’’ बोर्ड ने यह भी पाया कि वंदे भारत ट्रेन के विद्युत नियंत्रण कैबिनेट के अंदर लगे एमसीबी पर यह बताने वाले उचित लेबल नहीं हैं कि प्रत्येक एमसीबी किस उपकरण को नियंत्रित करता है। उसने आरसीएफ को इन पर उचित पहचान संबंधी लेबल लगाने को कहा है।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘सरल शब्दों में कहें तो अगर किसी डिब्बे की प्रकाश व्यवस्था काम नहीं कर रही है और कोई तकनीशियन खराबी का पता लगाने के लिए विद्युत नियंत्रण कैबिनेट खोलता है, तो एमसीबी पर स्पष्ट लेबल नहीं होने की स्थिति में समस्या का जल्द पता लगाना मुश्किल हो सकता है।’’ बोर्ड ने यह भी उल्लेख किया कि ट्रेन के पहियों को घुमाने के लिए विद्युत ऊर्जा को यांत्रिक शक्ति में बदलने वाली इलेक्ट्रिक मोटर यानी ट्रैक्शन मोटर की क्षमता 270 किलोवाट है, जबकि अन्य आपूर्तिकर्ताओं द्वारा निर्मित ट्रेन में यह क्षमता ‘मेधा’ की मोटर में 210 किलोवाट और ‘सीमेंस’ की मोटर में 225 किलोवाट है। बोर्ड ने आरडीएसओ और आरसीएफ को यह जांचने का निर्देश दिया है कि इस अंतर का तकनीकी आधार उचित है या नहीं। बोर्ड के पत्र में बताई गई खामियों में से एक ट्रेन के परिचालन को प्रभावित कर सकती है।

यह खामी चालक डिस्प्ले यूनिट (डीडीयू) की टचस्क्रीन से संबंधित है।

प्रमुख खबरें

Aiden Markram को भरोसा, Australia को हराकर लगातार दूसरे WTC Final में पहुंचेगा South Africa

West Delhi के पंजाबी बाग में स्कूटी फिसलने से कारोबारी राजेश विग की मौत

Delhi High Court का फैसला, 17 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता को 29 सप्ताह का गर्भपात कराने की दी मंजूरी

भुवनेश्वर कुमार के बचाव में उतरे कोच Morne Morkel, T20 में दबाव छोड़कर खेलने की दी सलाह