झारखंड के 16 जिलों में अगले 48 घंटे भीषण बारिश का खतरा, मौसम विभाग ने दी चेतावनी

By रेनू तिवारी | Sep 15, 2025

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा कि सोमवार की सुबह झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश हुई, जबकि मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 16 जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है। आईएमडी ने पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, रांची, बोकारो, धनबाद, खूंटी और रामगढ़ जिलों के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है।

इसे भी पढ़ें: महाराष्ट्र को मिला नया राज्यपाल, आचार्य देवव्रत ने राजभवन में ली पद और गोपनीयता की शपथ

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने कहा, ‘‘चक्रवाती हवाओं और ट्रफ लाइन के प्रभाव से राज्य के बड़े हिस्से में तीन दिनों तक व्यापक वर्षा होने की संभावना है।’’ रांची में रविवार दोपहर से हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रविवार शाम साढ़े पांच बजे तक शहर में 30.2 मिमी बारिश हुई। उन्होंने बताया कि एक जून से 14 सितंबर के बीच राज्य में सामान्य से 18 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई।

इसे भी पढ़ें: दिल्ली, हरियाणा और एनसीआर में गैंगस्टरों के 25 ठिकानों पर छापे, 380 पुलिसकर्मी तैनात, हथियार और लग्जरी गाड़ियां बरामद

वहीं दूसरी तरफ  हैदराबाद में रविवार शाम भारी बारिश हुई, जिससे सड़कों पर जलभराव हो गया और शहर के विभिन्न स्थानों पर यातायात बाधित हो गया। तेलंगाना विकास योजना सोसाइटी ने बताया कि सुबह 8:30 बजे से रात नौ बजे के बीच मुशीराबाद के बौद्ध नगर सामुदायिक हॉल में 121 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि मुशीराबाद के ही जवाहर नगर सामुदायिक हॉल में 112.8 मिमी बारिश हुई।

अचानक हुई बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव हो गया, हालांकि यातायात पुलिस ने पानी बाहर निकालने के लिए कदम उठाए। यहां भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मौसम केंद्र ने चेतावनी दी है कि रविवार रात 08:30 बजे से 15 सितंबर को सुबह 08:30 बजे तक आदिलाबाद, कोमाराम भीम आसिफाबाद, निजामाबाद, जयशंकर भूपालपल्ली, मुलुगु, भद्राद्री कोठागुडेम, जनगांव, सिद्दीपेट, यादाद्री भुवनगिरी, रंगारेड्डी, हैदराबाद, विकाराबाद, संगारेड्डी, मेडक, कामारेड्डी, महबूबनगर और नारायणपेट जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। 

प्रमुख खबरें

Vande Bharat में खाने में शिकायत पर Indian Railways का सख्त एक्शन, IRCTC और वेंडर पर ठोका जुर्माना

IPL 2026: RCB को नया मालिक मिलने के साथ बदलेगा नाम? अनन्या बिड़ला ने दिया ये जवाब

जंग के बीच Peace Talks की खबरों पर America का खंडन, बोला- Pakistan में कोई बात नहीं हो रही

जिस Asiya Andrabi पर भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने का आरोप साबित हुआ, उसके समर्थन में उतरीं Mehbooba Mufti