Raipur के Apple Store में 2 करोड़ की चोरी, 125 iPhone बरामद और कंजर गिरोह का सरगना गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक एप्पल स्टोर से करीब दो करोड़ रुपये के उत्पाद चोरी करने के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय ‘कंजर गिरोह’ के कथित सरगना सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से अब तक करीब डेढ़ करोड़ रुपये कीमत के 125 आईफोन बरामद किए गए हैं।

रायपुर के पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला ने बताया कि आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के देवास जिले के टोंकखुर्द निवासी राजेश सिंह झाला उर्फ कंजर (43) और बड़वानी जिले के निवासी सफान खान (35) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस झाला के बेटे राज झाला सहित दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। आरोप है कि उसने गिरोह के एक अन्य सदस्य राजेश लोधी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

शुक्ला ने बताया कि चोरी की यह घटना 31 अक्टूबर और एक नवंबर की दरमियानी रात रायपुर के तेलीबांधा इलाके में मरीन ड्राइव स्थित ‘आईनेक्स्ट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड’ द्वारा संचालित एप्पल स्टोर में हुई थी। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने दुकान का शटर तोड़कर वहां से 173 आईफोन, घड़ियां, हेडफोन और एयरपॉड्स चुरा लिए थे। इन सभी उत्पादों की कुल कीमत करीब दो करोड़ रुपये है।

आरोपी स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) भी अपने साथ ले गए थे। शुक्ला ने बताया कि घटना की जांच और आरोपियों का पता लगाने के लिए 40 से अधिक पुलिसकर्मियों की छह विशेष टीम गठित की गई थीं। उन्होंने बताया कि स्टोर से डीवीआर हटा दिए जाने और आसपास के कैमरों की फुटेज की गुणवत्ता खराब होने के बावजूद जांचकर्ताओं को घटनास्थल के पास दोपहिया वाहन पर तीन लोग दिखाई दिए।

ये लोग आठ मिनट के भीतर वहां से चले गए थे। पुलिस की एक टीम संदिग्धों की तलाश करते हुए महाराष्ट्र के मौधा पहुंची, हालांकि वहां पहुंचने के बाद संदिग्ध का सुराग नहीं मिल सका। जांच के दौरान पुलिस को मौधा में कुल्हान नदी के पास एक लावारिस मोटरसाइकिल मिली।

उसके इंजन और ढांचे पर अंकित पहचान संख्या मिटा दी गई थी। जांच में पता चला कि यह मोटरसाइकिल 25 अक्टूबर को रायपुर के तेलीबांधा इलाके से चोरी की गई थी। शुक्ला ने बताया कि इससे संदिग्धों और चोरी की वारदात के बीच संबंध स्थापित करने में मदद मिली।

उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के गहन विश्लेषण और अंतरराज्यीय पुलिस तंत्र के साथ जानकारी साझा करने के बाद जांचकर्ताओं ने संदिग्धों की पहचान कर ली। वे मध्यप्रदेश के देवास-इंदौर क्षेत्र से सक्रिय ‘कंजर गिरोह’ के सदस्य निकले। शुक्ला ने बताया कि देवास पुलिस की मदद से झाला को गिरफ्तार किया गया।

उसने शुरुआत में जांचकर्ताओं को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में स्वीकार किया कि उसने अपने बेटे राज और गांव के राजेश लोधी के साथ मिलकर चोरी की थी। उन्होंने बताया कि आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया से करीब डेढ़ करोड़ रुपये कीमत के चोरी हुए 125 आईफोन बरामद किए। उन्होंने कहा कि चोरी हुए बाकी फोन और अन्य उपकरण बरामद करने के साथ ही फरार आरोपियों राज झाला और राजेश लोधी को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

प्रमुख खबरें

NCP (SP) प्रमुख Sharad Pawar अस्पताल में भर्ती, Dehydration के चलते बिगड़ी तबीयत

कर्नाटक में DK Shivkumar ने आशा कार्यकर्ताओं से हड़ताल खत्म करने को कहा

Harbhajan Singh ने याद किया 2001 Chennai Test, Australia के खिलाफ ऐसे बनाए थे विजयी रन

PM Modi और CM Yogi के दिन अब खत्म होने वाले हैं, लखनऊ रैली में गरजे Owaisi