राज ठाकरे बोले- मुसलमानों को समझना चाहिए कानून से बड़ा धर्म नहीं, 3 मई के बाद देखूंगा कि क्या करना है
By अंकित सिंह | Apr 17, 2022
मस्जिदों में लाउडस्पीकर के जरिए आजान का विरोध राज ठाकरे लगातार कर रहे हैं। इन सबके बीच दावा किया जा रहा है कि उनका यह स्टैंड राजनीतिक है। हालांकि एक बार फिर से राज ठाकरे ने इसको लेकर बड़ा बयान दिया है। राज ठाकरे ने साफ तौर पर कहा है कि हम महाराष्ट्र में दंगे नहीं चाहते। नमाज़ अदा करने का किसी ने विरोध नहीं किया लेकिन अगर आप इसे (मुसलमान) लाउडस्पीकर पर करेंगे तो हम भी लाउडस्पीकर का इस्तेमाल करेंगे। मुसलमानों को समझना चाहिए कि धर्म कानून से बड़ा नहीं है। 3 मई के बाद, मैं देखूंगा कि क्या करना है। दिल्ली जहांगीरपुरी हिंसा पर MNS प्रमुख राज ठाकरे ने कहा कि मुझे लगता है कि इस तरह की बातों का ऐसे ही जवाब दिया जाना चाहिए, नहीं तो वो लोग नहीं समझेंगे। राज ठाकरे 5 जून को अयोध्या जाएंगे। वह अपनी अगली जनसभा एक मई को औरंगाबाद में करेंगे। लाउडस्पीकर विवाद के बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने हनुमान जयंती के अवसर पर पुणे के खलकर चौक में हनुमान मंदिर में एक महा आरती में भाग लिया। यह हनुमान चालीसा का पाठ उन्होंने ऐसे समय में किया है जब वह लगातार मस्जिदों से लाउडस्पीकर को हटाने की मांग कर रहे हैं। राज ठाकरे का कहना है कि मस्जिदों से लाउडस्पीकर के जरिए आज़ान बंद हो अन्यथा वह लाउडस्पीकर से हनुमान चालीसा बजाएंगे।