By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 02, 2026
(फोटो के साथ) मुंबई, एक अगस्त महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने यहां प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर में हर साल 18 करोड़ रुपये की चोरी होने का दावा करते हुए शनिवार को कहा कि आजकल मंदिर भी सुरक्षित नहीं हैं। मनसे की छात्र इकाई के एक कार्यक्रम में ठाकरे ने यह दावा भी किया कि अयोध्या के राम मंदिर में 1,400 करोड़ रुपये की चोरी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस मुद्दे पर बोलना चाहिए।
ठाकरे ने दावा किया, ‘‘हर साल 18 करोड़ रुपये की चोरी की गई है।’’ इस बीच सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के नेता सदा सरवणकर ने पत्रकारों से कहा कि इस मामले में नौ कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘जहां भी आवश्यक था, हमने मामले दर्ज कर दिए हैं।’’ सरवणकर ने कहा कि दान में वृद्धि न्यास द्वारा किए गए प्रयासों के कारण हुई।