By अंकित सिंह | Oct 03, 2026
पंजाब कांग्रेस में दरारें एक बार फिर तब सामने आईं जब राज्य इकाई के निवर्तमान प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने इस पद से अपने हटने को पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की जीत बताया और साथ ही यह भी संकेत दिया कि शायद नवनियुक्त AICC महासचिव प्रभारी सचिन पायलट उन्हें हटाना चाहते थे। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) प्रमुख के पद से औपचारिक रूप से इस्तीफा देने के बाद वडिंग ने कहा कि चन्नी साहब की जीत हुई है।
वड़िंग ने बाद में कहा कि मुझसे किसी ने इस्तीफा देने के लिए नहीं कहा। मुझे हालात का अंदाजा हो गया था और जब मुझे लगा कि स्थिति चरम पर पहुंच गई है, तो मैंने अपनी मर्जी से इस्तीफा दे दिया और अपना सोशल मीडिया हैंडल बदलकर ‘पूर्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष’ कर लिए। उन्होंने कहा कि शायद सचिन पायलट को लगा कि मेरे लिए पीसीसी अध्यक्ष के रूप में बने रहना उचित नहीं था। चन्नी साहब जीत गए हैं। वड़िंग ने कहा कि उन्होंने पिछले साढ़े चार सालों में पार्टी नेतृत्व को अपनी राय दी, और हो सकता है कि पायलट ने पार्टी को कुछ नयी राय दी हो।
उन्होंने कहा कि पता चला है कि सचिन जी चाहते थे कि मुझे हटा दिया जाए।” लुधियाना के सांसद ने कहा कि राहुल गांधी के साथ पंजाब की राजनीति के साथ-साथ कई व्यक्तिगत और पारिवारिक मामलों पर चर्चा हुई, और बातचीत सकारात्मक रहीं। उन्होंने कहा कि वह ऐसे आंतरिक पार्टी मामलों के बारे में कैमरे पर बात करना पसंद नहीं करेंगे। वड़िंग ने कहा, “पंजाब कैडर बहुत मजबूत है, और हमने बूथ से लेकर राज्य स्तर तक एक पूर्ण संगठनात्मक ढांचा तैयार किया है। कांग्रेस जमीनी स्तर पर बहुत मजबूत है।