By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 16, 2026
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि राजस्थान में आधारभूत सुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। उन्होंने यहां प्रवासी राजस्थानियों से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान में आधारभूत सुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है। राज्य में जल उपलब्धता बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय जल समझौतों राम जलसेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, नर्मदा समझौता और किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘पधारो म्हारे देश’ के साथ अब ‘पधारो थारे देश’ की भावना को भी आगे बढ़ाना है, ताकि प्रवासी राजस्थानी अपनी मातृभूमि में लौटकर प्रदेश के विकास में योगदान दें। राजस्थान फाउंडेशन प्रवासी राजस्थानियों को सामाजिक गतिविधियों और निवेश के अवसरों से जोड़ने में सशक्त सेतु की भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण सहभागी बनाते हुए उनके निवेश, सामाजिक योगदान और सांस्कृतिक जुड़ाव को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में खनिज संपदा, कृषि उत्पादों, मसालों, हस्तशिल्प और पर्यटन के क्षेत्रों में भी निवेश की काफी संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने प्रवासी राजस्थानियों से आह्वान किया कि वे अपनी मातृभूमि में निवेश कर रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास और स्थानीय युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करने में भागीदार बनें। मुख्यमंत्री ने प्रवासी राजस्थानियों को आगामी 10 दिसम्बर को आयोजित होने वाले प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन में शामिल होने के लिए भी आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री ने राजस्थान फाउंडेशन के विस्तार के तहत 11 नए चैप्टर शुरू करने की घोषणा की। इनमें रायपुर, लखनऊ, पटना, सिलीगुड़ी, पणजी और विशाखापत्त्नम में 6 चैप्टर तथा सैन फ्रांसिस्को (अमेरिका), ज्यूरिख (स्विट्जरलैंड), मिलान (इटली) और डबलिन (आयरलैंड) में चार चैप्टर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त स्टॉकहोम में नॉर्डिक चैप्टर स्थापित किया जाएगा, जिसमें स्वीडन, डेनमार्क, नॉर्वे और फिनलैंड सम्मिलित होंगे।
इसके साथ ही राजस्थान फाउंडेशन के देश-विदेश में संचालित चैप्टर्स की संख्या 40 से बढ़कर 51 हो जाएगी।