By अंकित सिंह | Jun 10, 2025
राजस्थान के टोंक जिले में मंगलवार को बनास नदी में डूबने से आठ युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ये लोग नदी में तैरने गए थे, लेकिन यह मजेदार सैर एक भयानक त्रासदी में बदल गई। शुरुआती रिपोर्ट्स से पता चलता है कि मृतक टोंक और जयपुर जिले के अलग-अलग इलाकों से थे। प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय निवासियों ने प्रशासन की मदद से घंटों की तलाशी के बाद सभी शवों को बरामद कर लिया। खबर फैलते ही माहौल गमगीन हो गया और जिला अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जहां शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।
इन सभी युवकों की उम्र 25 से 30 साल के बीच थी। हादसा बनास नदी पुराने पुल के पास कच्चा बंधा के समीप हुआ। उन्होंने बताया कि तीन युवकों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित निकाल लिया गया। एक अधिकारी के अनुसार ये जयपुर के हसनपुरा इलाके के रहने वाले थे। उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा कैसे हुआ। उन्होंने बताया कि तीन युवकों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर शोक जताया और अधिकारियों को त्वरित रूप से राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं।