By अंकित सिंह | May 30, 2025
राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने इस लोकप्रिय मान्यता को चुनौती देकर विवाद खड़ा कर दिया है कि मुगल बादशाह अकबर ने जोधाबाई नामक एक राजपूत राजकुमारी से विवाह किया था। महाराणा प्रताप की जयंती की पूर्व संध्या पर प्रताप गौरव केंद्र में बोलते हुए बागड़े ने दावा किया कि अकबर ने वास्तव में राजकुमारी से नहीं बल्कि महल की एक दासी की बेटी से विवाह किया था। बागड़े ने कहा कि ऐसा कहा जाता है कि जोधा और अकबर की शादी हुई थी और इस कहानी पर फिल्में भी बनीं। लेकिन यह झूठ है।
हरिभाऊ बागडे ने ब्रिटिश इतिहासकारों पर जानबूझकर भारतीय योद्धाओं को कमतर आंकने और विदेशी शासकों का महिमामंडन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "अंग्रेजों ने हमारे नायकों का इतिहास बदल दिया। उन्होंने इसे गलत लिखा और भारतीय इतिहासकारों ने आँख मूंदकर उसका अनुसरण किया।" उन्होंने भारतीय इतिहास पर मूल निवासी के दृष्टिकोण से आलोचनात्मक पुनर्विचार करने का आह्वान किया। उन्होंने इस दावे को भी खारिज कर दिया कि राजपूत राजा महाराणा प्रताप ने कभी अकबर को आत्मसमर्पण का पत्र लिखा था। बागड़े ने कहा, "यह पूरी तरह से भ्रामक है। महाराणा प्रताप ने कभी अपना गौरव नहीं छोड़ा।"