By अंकित सिंह | Sep 20, 2023
राजस्थान में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर वार-पलटवार की राजनीति लगातार जारी है। राजस्थान में कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा राजस्थान पहुंचे हैं। राजस्थान के जोधपुर में हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस और अशोक गहलोत सरकार पर जबरदस्त तरीके से निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य में अशोक गहलोत आजकल महंगाई राहत का ड्रामा कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध में लगातार इजाफा हो रहा है। राजस्थान में साल के आखिर में चुनाव प्रसतावित हैं।
अपने बयान में हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को विकास और गरीबों को राहत देने का दिखावा करने का नाटक बंद करना चाहिए और माफी मांगनी चाहिए। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड के आंकड़ों पर नजर डालें तो महिलाओं के खिलाफ अपराधों में राजस्थान हर राज्य को पछाड़ रहा है और आगे निकल रहा है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों में राजस्थान पहले स्थान के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहा है, राजस्थान और कर्नाटक तुष्टीकरण के मुद्दे पर प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।
इससे पहले हिमंत छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के दौरे पर थे। छत्तीसगढ़ में उन्होंने कहा कि यहां होगा छत्तीसगढ़ में बदलाव, राज्य की जनता देगी पीएम मोदी को सरकार बनाने का मौका। उन्होंने कहा कि विपक्ष को अटल बिहारी वाजपेयी से सीखना चाहिए वह नेहरू सरकार के दौरान संयुक्त राष्ट्र गए और उन्होंने भारत की प्रशंसा की। आज राहुल गांधी जब विदेश जाते हैं तो देश को गाली देते हैं। मध्य प्रदेश में उन्होंने कहा कि कमल नाथ जी कहते हैं कि इस सरकार ने कोई काम नहीं किया। मैं कमल नाथ जी का सम्मान करता हूं, लेकिन मैं आपको याद दिलाना चाहता हूं कि 18 साल पहले जब मैं मध्य प्रदेश आया था, तब न सड़कें थीं, न घरों में बिजली थी। शिवराज जी की सरकार में कृषि विकास हुआ, सिंचाई का पानी आया, सड़कें बनीं, लाड़ली लक्ष्मी योजना और लाड़ली बहना योजना शुरू की गई। मध्य प्रदेश एक विकसित राज्य का उदाहरण बन गया है।