Rajasthan Municipal Elections: 147 निकायों के 4774 वार्डों में वोटिंग शुरू

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 11, 2026

राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के दूसरे एवं अंतिम चरण के लिए शुक्रवार को मतदान जारी है। इस चरण में 147 नगर निकायों के 4,774 वार्डों के लिए 18,266 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इस चरण में जिन छह नगर निगमों के लिए मतदान हो रहा है, उनमें जयपुर, अजमेर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर और पाली शामिल हैं। राजस्थान की पूर्व मंत्री एवं अजमेर दक्षिण की विधायक अनीता भदेल शुरुआती मतदाताओं में शामिल रहीं। उन्होंने अजमेर में मतदान करने के बाद भरोसा जताया कि चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी अच्छा प्रदर्शन करेगी।

जयपुर में वार्ड संख्या-114 के एक केंद्र पर मतदान शुरू होने के कुछ ही देर बाद मामूली विवाद हो गया जहां एक निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थकों ने मतदान केंद्र में कांग्रेस उम्मीदवार की मौजूदगी पर आपत्ति जताई। विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। झुंझुनूं जिले की चिड़ावा नगरपालिका में मतदान से पहले एक निर्दलीय उम्मीदवार पर कथित तौर पर हमला किया गया।

उम्मीदवार अशोक शर्मा ने आरोप लगाया कि मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने उन पर हमला किया, जिससे उनके सिर में चोट आई। जयपुर नगर निगम में 150 वार्ड हैं, जहां 24.33 लाख मतदाता और 2,256 मतदान केंद्र हैं। यहां कुल 723 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

जोधपुर नगर निगम में 100 वार्ड और 7.12 लाख मतदाता हैं, जबकि कोटा नगर निगम में भी 100 वार्ड हैं और 8.26 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकते हैं। अजमेर नगर निगम में 80 वार्ड और 4.38 लाख मतदाता, उदयपुर नगर निगम में 80 वार्ड और 4.16 लाख मतदाता तथा पाली नगर निगम में 65 वार्ड और 1.81 लाख मतदाता हैं। जयपुर के जिला निर्वाचन अधिकारी (शहर) संदेश नायक ने बताया कि मतदान दलों को प्रशिक्षण देने, चुनाव सामग्री वितरित करने और मतदानकर्मियों की तैनाती की व्यवस्था के तहत दलों को बृहस्पतिवार को रवाना किया गया।

उन्होंने बताया कि 150 वार्डों के लिए कुल 2,256 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 2,204 मुख्य मतदान केंद्र और 52 सहायक मतदान केंद्र शामिल हैं। इससे पहले, राज्य के 162 नगर निकायों के लिए नौ सितंबर को मतदान हुआ था जिसमें कुल 76.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

राजस्थान के कुल 309 नगर निकायों के चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। इनमें 10 नगर निगम, 51 नगर परिषद और 248 नगरपालिकाएं शामिल हैं। मतगणना 14 सितंबर को होगी।

प्रमुख खबरें

Houthis Attack On Saudi Arabia | सऊदी-हूती जंग की आहट से कांपा पाकिस्तान! मक्का पैक्ट पर 24 घंटे में बदल गए सुर, फिर हुई अंतरराष्ट्रीय फजीहत

BRICS Summit Restrictions | दिल्ली में सुरक्षा सख्त! 11 से 13 सितंबर तक क्या रहेगा खुला और क्या बंद? स्कूल, दफ्तर, ट्रेन और मेट्रो के लिए क्या हैं नियम

NSE IPO 17 सितंबर को खुलेगा, 1700 से 1785 रुपये Price Band तय

Manipur में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, UNLF और PLA समेत तीन आतंकी पकड़े गए