Rajashtan में पंचायत से जिला परिषद तक BJP की हार! Bhajan Lal Sharma के हाथ से तेजी से फिसल रही सरकार!

By नीरज कुमार दुबे | Nov 26, 2026

राजस्थान की सियासत में इन दिनों भाजपा के लिए हालात कुछ ऐसे बनते जा रहे हैं कि सत्ता की कुर्सी जयपुर में जरूर है, लेकिन जनता का भरोसा धीरे-धीरे हाथ से फिसलता दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा को एक के बाद एक चुनावी झटके लग रहे हैं। लोकसभा चुनाव में लगा झटका, शहरी निकायों में कमजोर पड़ती पकड़ और अब पंचायत समिति तथा जिला परिषद चुनावों में कांग्रेस के हाथों मिली करारी शिकस्त ने राजनीतिक गलियारों में बेचैनी बढ़ा दी है।

पंचायत चुनाव के नतीजे तो भाजपा के लिए खतरे की घंटी से कम नहीं हैं। ग्रामीण राजस्थान ने जिस तरह कांग्रेस के पक्ष में अपना फैसला सुनाया है, उसने भाजपा के सत्ता और संगठन दोनों की कलई खोलकर रख दी है। 37 जिलों में घोषित नतीजों में कांग्रेस ने 3,701 पंचायत समिति सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा महज 2,181 सीटों पर सिमट गई। जिला परिषद चुनावों में भी कांग्रेस ने 599 सीटें हासिल कीं, जबकि भाजपा को 301 सीटों से संतोष करना पड़ा। पंचायत समिति चुनाव में 37 में से 33 जिलों में कांग्रेस भाजपा से आगे रही। यानी जिस राजस्थान में भाजपा सरकार चला रही है, उसी राजस्थान के गांवों में पार्टी को मतदाताओं ने सिरे से नकारने का संदेश दे दिया है।

इसे भी पढ़ें: जनता ने नकार दिया Bhajan Lal Sharma का नेतृत्व ! अपने भी बैठे हैं नाराज, क्या अब CM बदलेंगे Modi-Shah?

यही नहीं, जिला प्रमुखों के चुनाव में भी कांग्रेस ने 37 में से 24 पदों पर कब्जा जमाया, जबकि भाजपा को सिर्फ 10 जिला प्रमुख पद मिले। भारत आदिवासी पार्टी ने बांसवाड़ा और डूंगरपुर में दो जिला प्रमुख पद हासिल किए, जबकि हनुमान बेनीवाल की आरएलपी को नागौर में एक पद मिला। यह नतीजा बताता है कि ग्रामीण राजस्थान में भाजपा के सामने चुनौती केवल कांग्रेस की नहीं है, बल्कि क्षेत्रीय दल भी अपने प्रभाव वाले इलाकों में मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं।

देखा जाये तो यह कोई मामूली हार नहीं है। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में भी कांग्रेस ने भाजपा को पीछे छोड़ दिया। जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, सीकर और दौसा जैसे इलाकों में कांग्रेस की बढ़त ने भाजपा की रणनीति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजधानी जयपुर में कांग्रेस ने पंचायत समिति की 216 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा केवल 87 पर रह गई। जोधपुर में कांग्रेस 195 और भाजपा 81 सीटों पर रही। सवाल उठ रहा है कि आखिर सरकार के तीन साल के कार्यकाल में ऐसा क्या हुआ कि भाजपा का अपना ग्रामीण आधार उससे दूर होता चला गया?

देखा जाये तो इस सवाल का जवाब केवल विपक्ष की मजबूती में तलाशना गलत होगा। असली सवाल मुख्यमंत्री के नेतृत्व, सरकार की कार्यशैली और संगठन के साथ उनके तालमेल का है। भजनलाल शर्मा के सामने चुनौती यह थी कि वे अशोक गहलोत सरकार के बाद सत्ता में आई भाजपा के पक्ष में बनी उम्मीदों को जमीन पर उतारते। लेकिन चुनाव दर चुनाव नतीजे बताते हैं कि सरकार उस उम्मीद को राजनीतिक समर्थन में बदलने में सफल नहीं हो पा रही है।

लोकसभा चुनाव 2024 ने भाजपा के लिए पहली बड़ी चेतावनी दी थी। 2019 में राजस्थान की सभी 25 लोकसभा सीटें जीतने वाली भाजपा 2024 में घटकर 14 सीटों पर आ गई। कांग्रेस ने आठ सीटें जीतीं, जबकि हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी और भारत आदिवासी पार्टी ने भी एक-एक सीट हासिल की। यह साफ संकेत था कि राजस्थान में भाजपा का एकछत्र राजनीतिक दबदबा अब पहले जैसा नहीं रहा। हालांकि विधानसभा उपचुनावों में तस्वीर भाजपा के पक्ष में रही थी। नवंबर 2024 में सात सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने पांच सीटें जीती थीं। इसी तरह सितंबर 2026 के शहरी निकाय चुनावों में भी भाजपा 4,179 वार्ड जीतकर कांग्रेस के 3,613 वार्डों से आगे रही थी। लेकिन इन चुनावों में निर्दलीयों की 2,273 सीटें और मुख्यमंत्री के गृहक्षेत्र भरतपुर में निर्दलीयों का दबदबा भाजपा के लिए चिंता का विषय था।

इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम में सबसे दिलचस्प बात यह है कि भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबले में तीसरी ताकतें भी लगातार अपनी जमीन मजबूत कर रही हैं। हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने पंचायत समिति चुनाव में 496 सीटें और जिला परिषद में 37 सीटें जीतकर अपनी मौजूदगी का अहसास कराया है। वहीं आदिवासी बहुल इलाकों में भारत आदिवासी पार्टी ने पंचायत समिति की 276 और जिला परिषद की 22 सीटें जीतकर अपनी ताकत दिखाई है।

यह आंकड़े बताते हैं कि राजस्थान की राजनीति अब केवल भाजपा बनाम कांग्रेस का मुकाबला नहीं रह गई है। नागौर और पश्चिमी राजस्थान में हनुमान बेनीवाल का प्रभाव और दक्षिण राजस्थान में बीएपी का विस्तार दोनों राष्ट्रीय दलों के लिए चुनौती बन रहा है। इन पार्टियों ने यह भी दिखा दिया है कि स्थानीय मुद्दों, जातीय समीकरणों और क्षेत्रीय नेतृत्व की ताकत के सामने बड़े दलों का चुनावी गणित भी बिगड़ सकता है। भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए यह आईना है कि केवल बड़े नेताओं के नाम और चुनावी नारों के सहारे गांवों की राजनीति नहीं जीती जा सकती। आइये देखते हैं क्या कह रहे हैं हनुमान बेनीवाल। बाइट।

उधर, भाजपा के भीतर की उठापटक ने भी सरकार की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं। पंचायत चुनाव में हार के बाद कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा का बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। उन्होंने हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां मनोहरलाल खट्टर को हटाकर नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया गया और उसके बाद भाजपा ने प्रचंड बहुमत से वापसी की। उनके इस बयान को राजस्थान में भी मुख्यमंत्री बदलने की जरूरत से जोड़कर देखा गया। सवाल उठा कि आखिर सत्ता में बैठी सरकार का एक वरिष्ठ मंत्री मुख्यमंत्री बदलने का उदाहरण क्यों दे रहा है? सवाल उठा कि क्या यह महज राजनीतिक टिप्पणी थी या फिर पार्टी के भीतर चल रही नाराजगी का इशारा?

हालांकि बयान पर विवाद बढ़ा तो किरोड़ीलाल मीणा ने सफाई दी कि उनके कहने का गलत अर्थ निकाला गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 2028 का विधानसभा चुनाव भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा और भाजपा फिर से प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। बाइट। वैसे किरोडी लाल मीणा अब चाहे जो कहें लेकिन सवाल यह है कि यदि मुख्यमंत्री का नेतृत्व इतना ही प्रभावी है तो फिर उनकी सरकार के तीन साल पूरे होने से पहले ही नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं क्यों उठने लगीं? सरकार के भीतर सब कुछ ठीक होता तो ऐसे बयान राजनीतिक बहस का हिस्सा ही क्यों बनते?

दरअसल, राजस्थान भाजपा की सबसे बड़ी परेशानी यही दिखाई दे रही है कि सरकार और संगठन के बीच राजनीतिक तालमेल का अभाव है। एक तरफ मुख्यमंत्री को अपनी नेतृत्व क्षमता साबित करनी है, दूसरी तरफ वरिष्ठ नेताओं की अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं हैं। किरोड़ीलाल मीणा जैसे कद्दावर मंत्री के बयान और फिर उनकी सफाई ने इस अंदरूनी खींचतान को सार्वजनिक कर दिया है। ऊपर से चुनावी नतीजों ने पार्टी की परेशानी और बढ़ा दी है।

अब कांग्रेस के लिए भी यह स्थिति किसी राजनीतिक संजीवनी से कम नहीं है। अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच पुराने मतभेदों के बावजूद पंचायत चुनावों ने कांग्रेस को गांवों में दोबारा खड़ा होने का मौका दिया है। गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में पार्टी ने जिस तरह भाजपा को ग्रामीण इलाकों में पछाड़ा है, उससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा होना स्वाभाविक है। आइये देखते हैं क्या कह रहे हैं राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली। बाइट।

बहरहाल, राजस्थान में विधानसभा चुनाव अभी दूर हैं, लेकिन पंचायत चुनावों का संदेश साफ है। भाजपा को अब केवल विपक्ष से नहीं, अपने ही घटते जनाधार और अंदरूनी राजनीतिक खींचतान से लड़ना है। भजनलाल शर्मा के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि वे आखिर जनता के बीच अपनी सरकार की स्वीकार्यता कैसे वापस हासिल करेंगे? क्योंकि सियासत में कुर्सी पर बैठना और जनता के दिल में जगह बनाए रखना दो अलग-अलग बातें हैं। आज भाजपा सत्ता में है, लेकिन गांवों के चुनावी नतीजे बता रहे हैं कि जमीन पर उसकी पकड़ कमजोर पड़ रही है। यदि यही सिलसिला आगे भी जारी रहा और कांग्रेस ने अपने भीतर की गुटबाजी पर काबू पा लिया, तो 2028 में राजस्थान की सत्ता में उसकी वापसी का रास्ता काफी आसान हो सकता है।

-नीरज कुमार दुबे

प्रमुख खबरें

Local Terrorists का सफाया होने के बाद Pakistan ने चली नई चाल, 35 आतंकियों को Kashmir भेजने की फिराक में

EPFO के नियमों में बड़े बदलाव की तैयारी, अब UPI से निकाल सकेंगे PF का पैसा

तमिलनाडु में Karthigai Deepam विवाद पर VHP का हमला, Supreme Court के आदेश की अवहेलना का आरोप

Apple के नए Retail Store के ऐलान से Redington शेयर 3.2 प्रतिशत उछले