तमिलनाडु में Karthigai Deepam विवाद पर VHP का हमला, Supreme Court के आदेश की अवहेलना का आरोप

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने बृहस्पतिवार को तमिलनाडु की टीवीके-कांग्रेस सरकार पर कार्तिगई दीपम विवाद के मामले में उच्चतम न्यायालय के आदेश की संयुक्त रूप से अवहेलना करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस घटनाक्रम से संविधान की गरिमा को ठेस पहुंची है और राज्य में हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। संविधान दिवस के अवसर पर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने आरोप लगाया कि तमिलनाडु सरकार और उसकी सहयोगी कांग्रेस ने दो दिन पहले उच्चतम न्यायालय के आदेश की अवहेलना की। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि राज्य में अब संविधान का शासन नहीं रह गया है।

बंसल ने कहा, ‘‘महज दो दिन पहले जिस तरह तमिलनाडु की टीवीके-कांग्रेस सरकार ने संयुक्त रूप से उच्चतम न्यायालय के आदेश की अवहेलना की, उससे ऐसा लगता है कि वहां अब संविधान का शासन नहीं रह गया है।’’ उन्होंने तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके), द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक), कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, वामपंथी दलों और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के अन्य सांसदों पर मद्रास उच्च न्यायालय के एक न्यायाधीश को निशाना बनाने और न्यायपालिका की आवाज दबाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘इससे पहले भी टीवीके, द्रमुक, कांग्रेस, सपा, वामपंथियों और ‘इंडिया’ गठबंधन के अन्य सांसदों ने मद्रास उच्च न्यायालय के एक माननीय न्यायाधीश को निशाना बनाया था और हमारी महान न्यायपालिका की आवाज दबाने की कोशिश की थी।’’ संविधान को कमजोर करने की सुनियोजित साजिश का आरोप लगाते हुए बंसल ने कहा कि इन घटनाक्रमों से तमिलनाडु के हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं। उन्होंने कहा, ‘‘एक सुनियोजित साजिश के तहत संविधान को रौंदने की कोशिश की गई।

न केवल कानून और न्यायपालिका का अनादर किया गया, बल्कि तमिलनाडु के आस्थावान हिंदू समुदाय की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाई गई।’’ तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को उच्चतम न्यायालय में दाखिल अपनी वस्तुस्थिति रिपोर्ट में 24 नवंबर को तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित विवादित ‘दीपाथून’ (दीप स्तंभ) पर पारंपरिक दीप जलाने में विफल रहने के लिए न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पांचोली की पीठ से माफी मांगी। शीर्ष अदालत ने इस अनुष्ठान की अनुमति दी थी। सरकार ने दावा किया कि मंदिर के न्यासी मंडल ने इस धार्मिक अनुष्ठान को संपन्न कराने के लिए प्रस्तावित दल को अधिकृत नहीं किया था।

मंगलवार को वार्षिक कार्तिगई दीपम उत्सव के अवसर पर दीप केवल तिरुप्परनकुंद्रम स्थित पारंपरिक उच्चीपिल्लयार मंडपम में जलाया गया। पहाड़ी पर स्थित पत्थर के स्तंभ पर दीप नहीं जलाया गया, जबकि उच्चतम न्यायालय ने ऐसा करने का निर्देश दिया था। विहिप के अनुसार, ‘दीपाथून’ को ‘दीप स्तंभ’ भी कहा जाता है।

यह मदुरै के पास स्थित एक प्राचीन हिंदू मंदिर से सटी पहाड़ी पर बना पत्थर का स्तंभ है। कार्तिगई दीपम के अवसर पर यहां साल में एक बार दीप जलाने की परंपरा रही है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम की सरकार में कांग्रेस गठबंधन सहयोगी है।

बंसल ने कहा, ‘‘अब यह देखना होगा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के उच्चतम न्यायालय और महामहिम राष्ट्रपति भारत के इस महान संविधान, उसके संवैधानिक मूल्यों तथा लोकतंत्र के प्रमुख स्तंभ न्यायपालिका की गरिमा की रक्षा के लिए क्या कदम उठाते हैं।’’

प्रमुख खबरें

Local Terrorists का सफाया होने के बाद Pakistan ने चली नई चाल, 35 आतंकियों को Kashmir भेजने की फिराक में

EPFO के नियमों में बड़े बदलाव की तैयारी, अब UPI से निकाल सकेंगे PF का पैसा

Rajashtan में पंचायत से जिला परिषद तक BJP की हार! Bhajan Lal Sharma के हाथ से तेजी से फिसल रही सरकार!

Apple के नए Retail Store के ऐलान से Redington शेयर 3.2 प्रतिशत उछले