Rajasthan Panchayat Election: 16 जिलों में पहले चरण का मतदान खत्म, 80.09 फीसदी वोटिंग

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 24, 2026

राजस्थान के 16 जिलों में पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान शनिवार को छिटपुट झड़पों, विरोध प्रदर्शनों और कुछ स्थानों पर फर्जी मतदान के आरोपों के बीच संपन्न हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पंच और सरपंच पदों के चुनाव के पहले चरण के तहत 3,314 ग्राम पंचायतों में शनिवार शाम छह बजे तक 80.09 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया।

राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, बाड़मेर जिले के मांगटा में सबसे अधिक 91.42 प्रतिशत मतदान हुआ, इसके बाद बीकानेर के पूगल में 90.55 प्रतिशत और बाड़मेर के रामसर में 90.03 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पाली जिले के रानी स्टेशन में सबसे कम 56.82 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि सिरोही के कलंदरी में 57.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान काफी हद तक शांतिपूर्ण रहा लेकिन कुछ जगहों पर हिंसा और विरोध-प्रदर्शन की घटनाएं सामने आईं।

अलवर की रैणी पंचायत समिति क्षेत्र में सरपंच पद के उम्मीदवार राजेंद्र मीणा ने अपने समर्थकों के साथ बरेर ग्राम पंचायत के एक मतदान केंद्र के बाहर धरना दिया। उन्होंने फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए दोबारा मतदान कराने की मांग की। विरोध-प्रदर्शन के बाद मौके पर बड़ी संख्या में समर्थक जमा हो गए।

स्थिति का जायजा लेने के लिए तहसीलदार और जोनल मजिस्ट्रेट सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मतदान केंद्र पहुंचे। बीकानेर की रिड़मलसर पुरोहितान ग्राम पंचायत में मतदान के अंतिम समय में मतदान केंद्र पर जमा हुई भीड़ को पुलिस ने वहां से हटाया। जयपुर जिले के मौजमाबाद में भी दो गुटों के बीच मामूली झड़प हुई।

उदयपुर के भिंडर इलाके में सरपंच पद के एक उम्मीदवार पर कथित रूप से हमला किया गया जबकि पाली के रानी पंचायत क्षेत्र के डुगरिया गांव के निवासियों ने मतदान का बहिष्कार किया। भीलवाड़ा जिले में भी कथित फर्जी मतदान को लेकर विरोध-प्रदर्शन हुआ।अधिकारियों ने बताया कि ये चुनाव अजमेर, अलवर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, जोधपुर, कोटा, नागौर, पाली, फलोदी, राजसमंद, सिरोही और उदयपुर जिलों में हो रहे हैं। इन सभी 16 जिलों में 22 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान हुआ था।

बाड़मेर में सबसे अधिक 419 ग्राम पंचायतों में मतदान हो रहा है। इसके बाद भीलवाड़ा में 326, फलोदी में 305 और उदयपुर में 284 ग्राम पंचायतों में चुनाव हो रहे हैं। भीलवाड़ा में सरपंच पद के लिए सबसे अधिक 2,097 उम्मीदवार मैदान में हैं।

इसके बाद डूंगरपुर में 1,594, जयपुर में 1,525 और उदयपुर में 1,480 उम्मीदवार हैं। चुनाव संबंधी आंकड़ों के अनुसार 2,905 ग्राम पंचायतों में प्रत्येक सरपंच पद के लिए अधिकतम नौ उम्मीदवार मैदान हैं, जबकि 311 ग्राम पंचायतों में 10 से 19 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, दो ग्राम पंचायतों में 20 से 29 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

बाड़मेर में 3,025 वार्ड पंच पदों के लिए चुनाव हो रहे हैं, जो इन 16 जिलों में सर्वाधिक हैं। इसके बाद भीलवाड़ा में 2,872 और उदयपुर में 2,466 वार्ड पंच पदों के लिए मतदान हो रहा है। जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनावों के विपरीत पंच और सरपंच पदों के चुनाव राजनीतिक दलों के चुनाव चिह्नों पर नहीं लड़े जाते।

इन चुनावों में उम्मीदवारों को राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव चिह्न आवंटित किए जाते हैं। हालांकि, राजनीतिक दल अक्सर गांवों में उम्मीदवारों को समर्थन देते हैं। राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव चार चरणों में कराए जा रहे हैं।

इनके तहत 41 जिला परिषदों, 457 पंचायत समितियों और 14,403 ग्राम पंचायतों में चुनाव होने हैं। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 22 अक्टूबर, 28 अक्टूबर, तीन नवंबर और 14 नवंबर को निर्धारित है। वहीं, पंच और सरपंच पदों के लिए चुनाव क्रमशः 24 अक्टूबर, 30 अक्टूबर, पांच नवंबर और 16 नवंबर को होने हैं।

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को होगी। पहले चरण में शामिल ग्राम पंचायतों में उपसरपंच पदों के लिए अप्रत्यक्ष चुनाव 25 अक्टूबर को कराए जाएंगे।

प्रमुख खबरें

Noida Metro में बना नया कीर्तिमान, 23 अक्टूबर को 1.05 लाख यात्रियों ने किया सफर

MP CM Mohan Yadav ने Dhar में 2,388 करोड़ रुपये की Irrigation Project शुरू की

ED ने Mumbai Airport से वकील को पकड़ा, 28000 करोड़ के साइबर फ्रॉड में कार्रवाई

France में महंगाई और शिक्षा के मुद्दे पर बड़ा मार्च, पेरिस में पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले