By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 04, 2026
जयपुर, तीन नवंबर राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के तीसरे चरण के चुनाव के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए मंगलवार को मतदान हुआ। इसमें शाम छह बजे तक 68.39 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पूर्वाह्न 10 बजे तक 14.89 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि अपराह्न एक बजे तक यह आंकड़ा बढ़कर 36.76 प्रतिशत हो गया। इसके बाद अपराह्न तीन बजे तक 52.46 प्रतिशत मतदाता वोट डाल चुके थे। शाम छह बजे तक 68.39 प्रतिशत वोट पड़े।
इस दौरान बांसवाड़ा की नाहरपुरा पंचायत समिति में सबसे अधिक 82.71 प्रतिशत और दौसा पंचायत समिति में सबसे कम 49.90 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान के दौरान कई जगह इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में खराबी के मामले भी सामने आए। हालांकि, निर्वाचन अधिकारियों ने त्वरित कदम उठाते हुए मतदान बहाल करा दिया।
कुछ जगह लोगों ने स्थानीय मुद्दों को लेकर मतदान का बहिष्कार भी किया। डीडवाना कुचामन जिले में एक जगह दो पक्षों के आमने सामने आने से एकबारगी तनाव हो गया। अधिकारियों ने बताया कि इस चरण में जिला परिषदों के 377 वार्डों में 1305 और पंचायत समितियों के 2119 वार्डों में 7789 प्रत्याशी मैदान में थे।
इसके लिए 116 पंचायत समितियों में 11,869 मतदान केंद्र बनाए गए। राज्य में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव चार चरणों में कराए जा रहे हैं। पहले चरण में 22 अक्टूबर को 104 पंचायत समितियों में जिला परिषद के 293 और पंचायत समिति के 1,788 वार्ड के लिए मतदान हुआ था।
दूसरे चरण में 28 अक्टूबर को 124 पंचायत समितियों में जिला परिषद के 352 और पंचायत समिति के 2,197 वार्ड के लिए मतदान कराया गया था। तीसरे चरण के तहत आने वाले क्षेत्रों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मंगलवार को मतदान के बाद पंच और सरपंच पदों के लिए पांच नवंबर को मतदान होगा, जबकि उपसरपंचों का चुनाव छह नवंबर को कराया जाएगा। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के चौथे और अंतिम चरण का मतदान 14 नवंबर को होगा।
वहीं, पंच और सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। मतगणना 20 नवंबर को होगी। जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के चुनाव क्रमशः 25 और 26 नवंबर को कराए जाएंगे।
वहीं, पंचायत समिति प्रधान और उप प्रधान के चुनाव 27 और 28 नवंबर को होंगे।