Pratapgarh में NDPS Act के तहत तस्कर की 1.25 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 15, 2026

राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी में कथित रूप से शामिल एक हिस्ट्रीशीटर की करीब 1.25 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत अपने कब्जे में ले ली है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, प्रतापगढ़ जिले के देवगढ़ी गांव निवासी वसीम खान की संपत्तियों में एक आलीशान मकान, कार और ट्रैक्टर शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि खान के खिलाफ राजस्थान और मध्यप्रदेश में 2003 से अब तक हत्या, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने और स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मादक पदार्थों की तस्करी सहित 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसने बताया कि वित्तीय जांच में सामने आया कि कथित तौर पर मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन से ये संपत्तियां खरीदी गई थीं। इसके बाद एनडीपीएस अधिनियम के तहत इन्हें कब्जे में लेने की कार्रवाई की गई।

अधिकारियों के अनुसार, नयी दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, तस्कर और विदेशी मुद्रा छलसाधक (संपत्ति समहरण) अधिनियम तथा एनडीपीएस अधिनियम के प्रशासक ने 13 नवंबर को संपत्तियों को कब्जे में लेने के आदेश को मंजूरी देते हुए इसकी पुष्टि की। इसके बाद 15 नवंबर को अरनोद पुलिस ने संबंधित संपत्तियों पर आदेश के नोटिस चस्पा किए। कब्जे में रखी गई संपत्तियों में देवगढ़ी गांव स्थित मकान, टीनशेड और जमीन शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 1.04 करोड़ रुपये है।

इसके अलावा करीब 12 लाख रुपये की कार और नौ लाख रुपये का ट्रैक्टर भी इसमें शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इस मामले की शुरुआत इस वर्ष एक अप्रैल को जोधपुर जिले के भोपालगढ़ थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की बरामदगी से हुई थी। उस दौरान हिंगोली निवासी समंदर के पास से 80.54 ग्राम एमडी और 1.25 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी।

जांच के दौरान जब्त मादक पदार्थों का संबंध कथित तौर पर वसीम खान से सामने आया। इसके बाद उसे 12 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वह फिलहाल जोधपुर केंद्रीय कारागार में बंद है।

पुलिस ने बताया कि खान अरनोद थाने का हिस्ट्रीशीटर है और लंबे समय से मादक पदार्थों की खरीद तथा तस्करी में कथित रूप से शामिल रहा है। उसके खिलाफ राजस्थान के अरनोद, प्रतापगढ़, सालमगढ़ और भोपालगढ़ सहित विभिन्न थानों तथा मध्यप्रदेश के मंदसौर, इंदौर और राऊ में मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई का उद्देश्य मादक पदार्थ तस्करों के आर्थिक नेटवर्क को तोड़ना और अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के हस्तांतरण या इस्तेमाल को रोकना है।

प्रमुख खबरें

Cyclone Murasu से आंध्र प्रदेश में 2,484 करोड़ का नुकसान, CM Naidu ने मांगी मदद

माओवादी हिंसा से देश मुक्त, आदिवासियों को मिला विकास: PM Modi

Tarn Taran बस हादसे के मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये देगी Punjab Government

PM Modi से नहीं मिला, साबित हुआ तो राजनीति छोड़ दूंगा: Baldevji Thakor