By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 15, 2026
गुजरात में कांग्रेस के पूर्व विधायक बलदेवजी ठाकोर ने रविवार को उन खबरों का खंडन किया, जिनमें कहा गया था कि वह राज्य के दौरे पर आए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से गांधीनगर में मिलने गए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह असल में थोल झील से जुड़े एक मुद्दे को लेकर राज्य के वन मंत्री अर्जुन मोढवाडिया से मिलने गए थे। गांधीनगर जिले के कलोल से दो बार विधायक रह चुके ठाकोर ने एक वीडियो बयान जारी किया।
उनका यह बयान उन खबरों के बाद आया है, जिनमें कहा गया था कि वह लोक भवन गए थे, जहां मोदी शुक्रवार और शनिवार को अपनी दो दिवसीय गुजरात यात्रा के दौरान ठहरे थे। इन खबरों को खारिज करते हुए, ठाकोर ने कहा कि वह कांग्रेस और उसके नेतृत्व के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत जानकारी फैलाकर उनके राजनीतिक करियर को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
वीडियो में उन्होंने कहा, ‘‘मैं कांग्रेस का सिपाही हूं, मैं राहुल गांधी का बब्बर शेर हूं और आगे भी यही रहूंगा। इसमें शक की कोई गुंजाइश नहीं है।’’ अपनी इस मुलाकात के बारे में बताते हुए ठाकोर ने कहा कि उन्होंने थोल झील के मुद्दे पर मोढवाडिया से मिलने का समय मांगा था और राज्य की राजधानी में लोक भवन परिसर के पास स्थित उनके बंगले पर उनसे मुलाकात की। उन्होंने बताया कि जन प्रतिनिधि अक्सर जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए मुख्यमंत्री और मंत्रियों के पास जाते हैं, और उनकी यह मुलाकात भी पूरी तरह से इसी संदर्भ में थी।
ठाकोर ने उन मीडिया रिपोर्ट को चुनौती दी, जिनमें दावा किया गया था कि उन्होंने शनिवार को मोदी से मुलाकात की थी, और मीडिया संस्थानों से सबूत पेश करने को कहा। उन्होंने कहा, ‘‘कोई एक भी सबूत लाकर दिखाएं कि मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने गया था। अगर आपको कोई ऐसा सबूत मिल जाए, जिससे साबित हो कि मैं उनसे मिलने गया था, तो मैं राजनीति से संन्यास ले लूंगा।’’ ठाकोर ने उन खबरों को भी खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि कथित बैठक के दौरान किसी भूखंड को लेकर चर्चा हुई थी।
उन्होंने दावा किया कि उन्होंने कलोल तालुका में किसानों को हजारों करोड़ रुपये की जमीन वापस दिलाने के लिए काम किया है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं ऐसी बेबुनियाद खबरों के जरिए अपनी सार्वजनिक छवि को धूमिल करने की कोशिश की निंदा करता हूं। मैं कांग्रेस में हूं, कांग्रेस में ही रहूंगा और कांग्रेस के एक सिपाही के तौर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करूंगा।’’