Rajnath Singh को Tokyo में मिला गार्ड ऑफ ऑनर, जापानी समकक्ष संग किया युद्धपोत का दौरा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को बुधवार को जापान की उनकी यात्रा की शुरुआत में तोक्यो स्थित रक्षा मंत्रालय में औपचारिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया जिसके बाद वह अपने जापानी समकक्ष शिंजिरो कोइजुमी के साथ एक युद्धपोत का निरीक्षण करने योकोसुका गए। जापान में भारतीय दूतावास ने बताया कि सिंह के रक्षा मंत्रालय पहुंचने पर उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया और कोइजुमी ने उनकी मेजबानी की। विदेश मंत्री एस. जयशंकर और सिंह भारत-जापान के विदेश एवं रक्षा मंत्रियों की चौथी वार्ता के लिए जापान की दो दिवसीय यात्रा पर हैं।

इस बैठक को ‘टू प्लस टू’ वार्ता भी कहा जाता है। इसमें दोनों देशों के बीच रक्षा और रणनीतिक सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी। जापान के रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि सिंह एवं कोइजुमी ने योकोसुका के फुनाकोशी इलाके का दौरा किया और जापान समुद्री आत्मरक्षा बल (जेएमएसडीएफ) के युद्धपोत ‘जेएस नातोरी’ का निरीक्षण किया।

यह ‘मोगामी’ श्रेणी का बहुउद्देशीय युद्धपोत है जो दुश्मन की नजरों से बचने की तकनीक (स्टील्थ) से लैस है। मंत्रालय ने कहा, ‘‘इस अत्याधुनिक, बहुउद्देशीय युद्धपोत के उपकरणों और उसकी परिचालन स्थिति का निरीक्षण करने से समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में ठोस सहयोग बढ़ाने तथा दोनों मंत्रियों के बीच विश्वास को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर मिला।’’ उसने कहा, ‘‘हम हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए अपना सहयोग और मजबूत करेंगे।’’ सिंह ने योकोसुका स्थित जेएमएसडीएफ के नौसैनिक अड्डे जाते समय ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उनके जापानी समकक्ष ‘‘एक बेहतरीन मेजबान की भूमिका निभा रहे हैं।’’ जापान में भारतीय दूतावास ने बुधवार को बताया कि जापान में भारत की राजदूत नगमा मलिक ने सिंह और जयशंकर के तोक्यो पहुंचने पर उनका स्वागत किया। दोनों भारतीय मंत्रियों का अपने जापानी समकक्षों कोइजुमी और विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी के साथ बातचीत करने का कार्यक्रम है।

जयशंकर भारत-जापान विदेश मंत्रियों की रणनीतिक वार्ता में भी हिस्सा लेंगे। सिंह और कोइजुमी के बीच इस वर्ष यह तीसरी द्विपक्षीय बैठक होगी। इससे पहले दोनों नेताओं की अगस्त में भारत और अक्टूबर में फिलीपीन में मुलाकात हुई थी।

बातचीत में रक्षा उपकरणों और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग, समुद्री सुरक्षा, संयुक्त सैन्य अभ्यास तथा रक्षा उद्योग में साझेदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। यात्रा से पहले सिंह ने कहा था कि भारत और जापान एक स्वतंत्र, खुले और नियमों पर आधारित ऐसे हिंद-प्रशांत क्षेत्र का साझा दृष्टिकोण रखते हैं, जिसकी बुनियाद आपसी विश्वास और लोकतांत्रिक मूल्यों पर टिकी है। उन्होंने कहा कि वह प्रौद्योगिकी, समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के अवसर तलाशेंगे।

यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मनीला की दो दिवसीय यात्रा संपन्न होने के एक दिन बाद हो रही है। मोदी की यात्रा के दौरान चार देशों के समूह ‘क्वाड’ (चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद) का शिखर सम्मेलन भी हुआ था, जिसमें जापान की उनकी समकक्ष साने ताकाइची तथा अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के नेताओं ने हिस्सा लिया था। भारत और जापान ने नियमित उच्चस्तरीय बैठकों, संयुक्त सैन्य अभ्यासों और दोनों देशों के सशस्त्र बलों के बीच साजो-सामान संबंधी सहायता उपलब्ध कराने वाले समझौतों के जरिए रक्षा संबंधों का विस्तार किया है।

प्रमुख खबरें

Italy Parliament ने यहूदी-विरोधी भावना से निपटने वाले कानून को दी अंतिम मंजूरी

Jeans और प्लाजो संग खूब जंचेंगी ये Kashmiri Kurti, मिलेगा रॉयल विंटर लुक

Beauty Tips: Chandni Chowk की गलियों से 1000 रुपये से कम में पाएं शाही Bridal Look वाली एक्सेसरीज

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने कसी कमर