Rajnath Singh ने Bengaluru में युवाओं से कहा, अर्थपूर्ण जीवन के लिए मानवीय मूल्य जरूरी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि अर्थपूर्ण जीवन के लिए आध्यात्मिकता, करुणा और मानवीय मूल्य जरूरी हैं। सिंह ने युवाओं से भारत की विरासत से जुड़े रहते हुए आधुनिक शिक्षा और प्रौद्योगिकी अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने बीजीएस एंड एसजेबी ग्रुप के स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आध्यात्मिकता को केवल धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इससे लोगों को समाज के कल्याण के लिए काम करने की प्रेरणा मिलनी चाहिए।

उन्होंने कहा, मुझे इस संस्थान के परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव हुआ। किसी शैक्षणिक संस्थान में मुझे अपने जीवन में पहली बार इस तरह का अनुभव हुआ और वह संस्थान बीजीएस एवं एसजेबी समूह है।’’ श्री आदिचुंचनगिरि महासंस्थान मठ के योगदान का उल्लेख करते हुए सिंह ने कहा कि इसने आध्यात्मिक ज्ञान, भारतीय संस्कृति और मानवता की सेवा की करीब 1,800 वर्ष पुरानी विरासत को आगे बढ़ाया है। उन्होंने ट्रस्ट की सामाजिक सेवा पहलों की सराहना की जिनमें वंचित छात्रों को मुफ्त शिक्षा और आवास की सुविधा देने वाले शैक्षणिक संस्थान, मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं एवं दवाएं और हर दिन हजारों लोगों को भोजन उपलब्ध कराना शामिल है।

उन्होंने कहा कि ये पहलें ‘त्रिविध दासोह’ के दर्शन को दर्शाती हैं, जिसका अर्थ भोजन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से मानवता की सेवा करना है। सिंह ने बीजीएस ग्लोबल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के एक नए विंग का उद्घाटन भी किया और विश्वास जताया कि इसके विस्तार से अधिक लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा, आध्यात्मिकता का अर्थ दुनिया से मुंह मोड़ना नहीं है।

बल्कि यह दुनिया से जुड़े रहते हुए अपनी जिम्मेदारियां निभाने की प्रेरणा देती है।’’ हिंदी की एक कहावत का उल्लेख करते हुए उन्होंने छात्रों से कहा कि छोटी सोच वाला व्यक्ति बड़े काम नहीं कर सकता, जबकि व्यापक दृष्टिकोण से अधिक प्रसन्नता और संतुष्टि मिलती है। रक्षा मंत्री ने चिकित्सा पेशेवरों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को केवल करियर के बजाय मानवता की सेवा के रूप में देखा जाना चाहिए। सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और किफायती बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं।

उन्होंने आयुष्मान भारत योजना, मेडिकल कॉलेजों के विस्तार, जन औषधि केंद्रों की स्थापना और चिकित्सा प्रौद्योगिकी में निवेश का उल्लेख किया। राजनाथ सिंह ने युवाओं से राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) में शामिल होने और सशस्त्र बलों तथा चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से देश की सेवा करने के अवसर तलाशने का भी आग्रह किया।

प्रमुख खबरें

Bisleri के पानी में मिला बैक्टीरिया, FSSAI ने कंपनी पर एक और मुकदमा चलाने की दी मंजूरी

दुष्कर्म मामले में Uttarakhand High Court ने निचली अदालत का फैसला पलटा, आरोपी बरी

Makkah Pact: सऊदी अरब पर हूती हमलों के खिलाफ एक हुए Pakistan और तुर्किये

Adani Group का पूंजीगत व्यय 41 प्रतिशत बढ़कर 2.2 लाख करोड़ रुपये होने का अनुमान