चीन को राजनाथ सिंह का सख्त संदेश- भारत को अगर किसी ने छेड़ा तो वह छोड़ेगा नहीं

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 15, 2022

(ललित के झा) वाशिंगटन। चीन को सख्त संदेश देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर भारत को किसी ने नुकसान पहुंचाया तो वह भी बख्शेगा नहीं। इसके साथ ही उन्होंने जोर दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक शक्तिशाली देश के तौर पर उभरा है और दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में से एक बनने की ओर अग्रसर है। सिंह ने सैन फ्रांसिस्को में भारतीय-अमेरिकी समुदाय को संबोधित करते हुए अमेरिका को एक सूक्ष्म संदेश भी दिया कि भारत जीरो-सम गेम’’ की कूटनीति में विश्वास नहीं करता और किसी एक देश के साथ उसके संबंध दूसरे देश की कीमत पर नहीं हो सकते। ‘जीरो-सम गेम’ उस स्थिति को कहा जाता है जिसमें एक पक्ष को हुए नुकसान के बराबर दूसरे पक्ष को लाभ होता है। रक्षा मंत्री भारत व अमेरिका के बीच वाशिंगटन डीसी में आयोजित ‘टू प्लस टू’ मंत्रिस्तरीय वार्ता में भाग लेने के लिए यहां आए थे। इसके बाद, उन्होंने हवाई और फिर सैन फ्रांसिस्को की यात्रा की। सिंह ने बृहस्पतिवार को सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास द्वारा उनके सम्मान में आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए चीन के साथ सीमा पर भारतीय सैनिकों द्वारा दिखाई गई वीरता का जिक्र किया। रक्षा मंत्री ने कहा, मैं खुले तौर पर यह नहीं कह सकता कि उन्होंने (भारतीय सैनिकों ने) क्या किया और हमने (सरकार ने) क्या फैसले लिए। लेकिन मैं निश्चित तौर पर कह सकता हूं कि (चीन को) एक संदेश गया है कि भारत को अगर कोई छेड़ेगा तो भारत छोड़ेगा नहीं।” 

इसे भी पढ़ें: राजनाथ सिंह बोले- भारतीय प्रवासियों ने हर जगह भारतीय पहचान को कायम रखा है

पैंगोंग झील क्षेत्र में हिंसक झड़प के बाद पांच मई, 2020 को भारतीय और चीनी सेनाओं के बीच सीमा गतिरोध शुरू हो गया था। 15 जून, 2020 को गलवान घाटी में हुयी झड़पों के बाद गतिरोध और बढ़ गया। इन झड़पों में 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे। हालांकि चीन ने इस संबंध में कोई आधिकारिक ब्यौरा नहीं दिया। यूक्रेन युद्ध के कारण रूस के संबंध में अमेरिकी दबाव का कोई सीधा संदर्भ दिए बिना सिंह ने कहा कि भारत जीरो-सम गेम’ कूटनीति में विश्वास नहीं करता है। उन्होंने कहा कि अगर भारत के किसी एक देश के साथ अच्छे संबंध हैं, तो इसका मतलब यह नहीं है कि किसी अन्य देश के साथ उसके संबंध खराब हो जाएंगे। उन्होंने कहा, “भारत ने कभी भी इस तरह की कूटनीति नहीं अपनाई है। भारत कभी भी इसे (इस तरह की कूटनीति) नहीं अपनाएगा। हम अंतरराष्ट्रीय संबंधों में ‘जीरो-सम गेम’ में विश्वास नहीं करते हैं।” सिंह ने कहा कि भारत ऐसे द्विपक्षीय संबंध बनाने में विश्वास करता है जिससे दोनों देशों को समान रूप से फायदा हो। उनकी टिप्पणी यूक्रेन संकट पर भारत की स्थिति और रियायती दर पर रूसी तेल खरीदने के फैसले पर अमेरिका में कुछ बेचैनी के बीच आई। उन्होंने कहा, “भारत की छवि बदल गई है। भारत का सम्मान बढ़ा है। अगले कुछ वर्षों में दुनिया की कोई भी ताकत भारत को दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्था में से एक बनने से नहीं रोक सकती।’’ 

प्रमुख खबरें

West Bengal | बारुईपुर रेप-मर्डर केस में त्वरित न्याय! 11 साल की मासूम का हत्यारा ढेर, मां ने मांगी थी टुकड़े-टुकड़े करने की सजा

FIFA World Cup Egypt vs Argentina | जब काहिरा के एक कॉफी हाउस में जोश सिसकियों में बदला, अर्जेंटीना की जादुई वापसी

FIFA World Cup 2026 | 72 साल बाद विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचा स्विट्जरलैंड, पेनल्टी शूटआउट में कोलंबिया को चटाई धूल, अर्जेंटीना से होगी भिड़ंत

केजरीवाल के शीशमहल को गेस्ट हाउस बनाने की तैयारी, आम जनता के लिए भी खुल सकते हैं दरवाजे: सूत्र