Rajnath Singh ने NDA कैडेट्स से कहा, भविष्य में मैनपॉवर से ज्यादा टेक्नोलॉजी पर निर्भर रहेगा भारत

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) से उत्तीर्ण होने वाले सभी कैडेट से भारत को ऐसे भविष्य के लिए तैयार करने का आग्रह किया, जहां बदलती जनसांख्यिकी के कारण जनशक्ति की तुलना में मशीनों और प्रौद्योगिकी पर अधिक निर्भरता की जरूरत होगी। सिंह ने खड़कवासला में 151वें पाठ्यक्रम की ‘पासिंग आउट’ परेड का निरीक्षण करने के बाद अपने संबोधन में कहा कि भारत फिलहाल एक युवा देश है और कुछ समय तक ऐसा ही रहेगा, लेकिन इसकी जनसंख्या वृद्धि दर लगातार घट रही है। उन्होंने कहा, ‘‘विकसित देशों ने जनशक्ति पर अपनी निर्भरता कम करके और मशीनों एवं प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल बढ़ाकर इस बदलाव के अनुरूप खुद को ढाल लिया है।

हमें भी इसी दिशा में तैयारी करनी होगी।’’ रक्षा मंत्री ने कहा कि आने वाले दशकों में भारत की युवा आबादी का अनुपात घटने लगेगा, और ऐसा होने से पहले देश को अपनी क्षमताएं विकसित करनी होंगी ताकि बदलती जनसांख्यिकी उसकी प्रगति में बाधा न बने। रक्षा मंत्री ने कैडेट को याद दिलाया कि वे वीर योद्धाओं की गौरवशाली विरासत के उत्तराधिकारी हैं। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी जतींद्र नाथ दास का उल्लेख किया, जिन्होंने देश के सम्मान के लिए 63 दिन तक भूख हड़ताल की थी।

उन्होंने आजादी के बाद के नायकों मेजर सोमनाथ शर्मा, कंपनी क्वार्टर मास्टर हवलदार (सीक्यूएमएच) अब्दुल हमीद और कैप्टन विक्रम बत्रा को भी याद किया। युद्ध की बदलती प्रकृति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब युद्ध केवल थल, जल और वायु तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि साइबर, अंतरिक्ष और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसे नए क्षेत्रों में भी लड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘शक्ति के केंद्र बदल रहे हैं, वैश्विक भू-राजनीति में बदलाव आ रहा है, प्रौद्योगिकी विकसित हो रही है, युद्ध की रणनीतियां बदल रही हैं और युद्ध का स्वरूप भी बदल गया है।’’ सिंह ने कहा कि भारत की प्रशिक्षण पद्धति भी विकसित हो रही है, जो जरूरी है क्योंकि आज उपयोगी साबित होने वाली प्रौद्योगिकी कल पुरानी पड़ सकती है।

उन्होंने उत्तीर्ण कैडेट से कहा, ‘‘भविष्य के सैन्य नेतृत्वकर्ताओं के रूप में आपका लक्ष्य नवाचार की ऐसी संस्कृति को बढ़ावा देना होना चाहिए, जिसमें हम अपनी सुरक्षा चुनौतियों का समाधान खुद खोज सकें।’’ सिंह ने कहा, ‘‘हम सब मिलकर 2047 तक भारत को मजबूत, आत्मनिर्भर और सुरक्षित बना सकते हैं और बनाएंगे।’’

प्रमुख खबरें

Tamil Nadu की थिरुपरंकुंड्रम पहाड़ी पर जला Karthigai Deepam, दरगाह में इबादत के लिए पहुंचे मुस्लिम श्रद्धालु

Archer Hospitality विस्तार पर करेगी 200 करोड़ का निवेश, 2031 तक 300 करोड़ राजस्व का लक्ष्य

मार्गशीर्ष माह में शंख पूजा से मिलता है अश्वमेध यज्ञ का फल, जानिए सही विधि

भारतीय Share Market में FPI की जोरदार वापसी, नवंबर में 1.54 लाख करोड़ का रिकॉर्ड निवेश