मुलायम सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे राजनाथ, अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि, जानें निधन पर किसने क्या कहा

By अंकित सिंह | Oct 10, 2022

पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और संरक्षक मुलायम सिंह यादव का आज मेदांता हॉस्पिटल में निधन हो गया। उनके निधन पर लगातार शोक व्यक्त किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर तमाम बड़े नेताओं ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर अपनी संवेदना प्रकट की है। साथ ही साथ तमाम नेता उनके बेटे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव से फोन पर बात कर रहे हैं। मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार कल उनके पैतृक गांव सैफई में शाम 3:00 बजे किया जाएगा। देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई तमाम बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू- श्री मुलायम सिंह यादव का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। साधारण परिवेश से आए मुलायम सिंह यादव जी की उपलब्धियां असाधारण थीं। ‘धरती पुत्र’ मुलायम जी जमीन से जुड़े दिग्गज नेता थे। उनका सम्मान सभी दलों के लोग करते थे। उनके परिवार-जन व समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदनाएं।

नरेंद्र मोदी- अपने-अपने राज्यों के मुख्यमंत्री रहते हुए मेरा मुलायम सिंह यादव जी से कई बार संवाद हुआ। यह करीबी रिश्ता जारी रहा और मैं हमेशा उनके विचारों को सुनने के लिए उत्सुक रहता था। उनके निधन से मुझे पीड़ा हुई है। उनके परिवार और लाखों समर्थकों के प्रति मेरी संवेदना है। ओम शांति।

इसे भी पढ़ें: मुलायम सिंह यादव के जीवन से जुड़ी घटनाओं और प्रमुख उपलब्धियों का विवरण

राजनाथ सिंह- श्री मुलायम सिंह यादव जी जमीन से जुड़े एक ऐसे नेता थे जिन्होंने कई दशकों तक उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक प्रमुख भूमिका निभाई। अपने लम्बे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने अनेक पदों पर काम किया और देश, समाज एवं प्रदेश के विकास में अपना योगदान दिया। उनका निधन बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने आगे कहा कि राजनीति में विरोधी होने के बावजूद मुलायम सिंह जी के सभी से अच्छे संबंध थे। जब भी उनसे भेंट होती तो वे बड़े खुले मन से अनेक विषयों पर बात करते। अनेक अवसरों पर उनसे हुई बातचीत मेरी स्मृति में सदैव तरोताजा रहेगी। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

अमित शाह- मुलायम सिंह यादव जी अपने अद्वितीय राजनीतिक कौशल से दशकों तक राजनीति में सक्रिय रहे। आपातकाल में उन्होंने लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के लिए बुलंद आवाज उठाई। वह सदैव एक जमीन से जुड़े जननेता के रूप में याद किए जाएँगे। उनका निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत है। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति शांति शांति। 

योगी आदित्यनाथ- मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, उनके परिवार, समर्थकों के प्रति भी संवेदना व्यक्त करात हूं। मुलायम सिंह यादव जी एक जुझारू और संघर्षी नेता थे। समाजवादी पार्टी से जुड़े एक महत्वपूर्ण स्तंभ थे। प्रदेश की राजनीति के वे 5 दशक तक केंद्र बिंदू रहें। उन्होंने एक अहम भूमिका का निर्वहन देश और राज्य की राजनीति में किया। मैं दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करता हूं। 

लालू प्रसाद यादव- मुलायम सिंह यादव हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने देश में समाजवादी आंदोलन को आगे बढ़ाया था। हमारे और उनके संबंध पारिवारिक हैं। उपमुख्यमंत्री उनके अंतिम संस्कार में जाएंगे। भगवान उनके परिवार को शक्ति दे।

गुलाम नबी आज़ाद- यह दुख की बात है कि वे आज हमारे बीच में नहीं हैं। उनकी सादगी को हमेशा याद किया जाएगा। जब तक वे राजनीति में रहे वे हमेशा गरीबों, किसानों और मजदूरों के बीच में रहे। हमारी बहुत सारी यादे उनके साथ हैं। 

इसे भी पढ़ें: Prabhasakshi NewsRoom: मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ सैफई में होगा

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा- मुलायम सिंह यादव जी का निधन अपूरणीय क्षति है।मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे। उनके समर्थकों से उम्मीद है कि वह मुलायम सिंह जी के द्वारा दिखाए जनसेवा के रास्ते पर चलेंगे। 

राहुल गांधी- श्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन एक बेहद दुःखद समाचार है। वो ज़मीनी राजनीति से जुड़े एक सच्चे योद्धा थे। मैं श्री अखिलेश यादव समेत सभी शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।

राज्यपाल कलराज मिश्र- मुलायम सिंह जी के निधन की खबर से दुखी हूं। वह संघर्ष के जरिए और सैद्धांतिक पक्ष को मजबूत रखते हुए आगे बढ़े थे। वह राजनीति दृष्टि से परिपक्व थे। हर दल के लोग उनसे संबंधित थे। हम दोनों का अच्छा संबंध था। भगवान उनके परिवार, समर्थकों को शक्ति दे। 

शिवराज सिंह चौहान- वे वरिष्ठ नेता थे, उन्होंने UP की राजनीति की धारा बदल दी थी। समाजवादी आंदोलन को आगे बढ़ाने में उनका बेहद महत्वपूर्ण योगदान था... ज़मीन जुड़े रहकर उन्होंने उत्तर प्रदेश की जनता की सेवा की। मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। 

पीयूष गोयल- नेता जी सबके प्रिय थे, उन्होंने लंबा समय देश के लिए राजनीतिक और सामाजिक दृष्टिकोण से अपना जीवन समर्पित किया। उत्तर प्रदेश और पूरे देश के लिए क्षति है। उनका आशीर्वाद हमेशा मुझे मिला। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे और पूरे परिवार को दुख सहन करने की शक्ति दे। 

इसे भी पढ़ें: मुलायम सिंह के निधन पर राजनीतिक जगत में शोक, प्रधानमंत्री मोदी, प्रियंका गांधी, केजरीवाल सहित तमाम नेताओं ने जताया दुख

फ़ारुख़ अब्दुल्ला- वह बड़े नेता थे जिसे देश को जरूरत थी। वह ज़मीन और लोगों से जुड़े नेता थे। वह संसद में ऐसी बातें बोलते थे जो हुकूमत सुन सकती थी। उन्होंने गरीबों को उठाने और उनकी बदहाली दूर करने के लिए अपनी ज़िंदगी दी। 

प्रमुख खबरें

Manipur Naga Killing: NIA का सटीक ऑपरेशन, 6 नागरिकों की हत्या के आरोप में Kuki दंपत्ति गिरफ्तार

England T20I हार के बाद Gautam Gambhir और Shreyas Iyer पर संकट, BCCI करेगा समीक्षा

Karur Tragedy: जिस हादसे ने हिला दी थी TVK की नींव, अब CM Vijay बनकर मरहम लगाने लौटे

बंगाल संकट के बीच Mamata Banerjee का BJP पर बड़ा हमला: मुझे चुप कराने के लिए मेरी जान लेनी होगी