By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 07, 2026
जम्मू, सात अगस्त जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में सुरक्षा बलों और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े दलों ने शुक्रवार को जम्मू-राजौरी-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आतंकवाद रोधी अभ्यास किया। यह अभ्यास 17 अगस्त से शुरू होने वाली वार्षिक श्री बूढ़ा अमरनाथ यात्रा से पहले आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों और प्रतिक्रिया तंत्र को परखने तथा मजबूत करने के लिए किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह अभ्यास नौशेरा क्षेत्र के बगनोती राजल में किया गया, जहां राजमार्ग पर आतंकवादी हमले की काल्पनिक स्थिति तैयार कर सुरक्षा बलों और आपातकालीन दलों की प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण किया गया।
इस दौरान विभिन्न एजेंसियों ने त्वरित तैनाती, इलाके की सुरक्षा जांच, घायलों को निकालने और आपात स्थिति में प्रतिक्रिया देने जैसी समन्वित कार्रवाई का अभ्यास किया। अधिकारियों ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को बेहतर बनाना और वार्षिक यात्रा के दौरान किसी भी आतंकवादी घटना जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए परिचालन तैयारियों को मजबूत करना था। श्री बूढ़ा अमरनाथ यात्रा जम्मू-राजौरी-पुंछ मार्ग से होकर गुजरती है।
सुरक्षा एजेंसियां श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यात्रा मार्ग पर आवाजाही सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम कर रही हैं।