राजपक्षे ने ई-मेल के जरिये संसद के स्पीकर को इस्तीफा भेजा; औपचारिक घोषणा शुक्रवार को

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 15, 2022

कोलंबो| संकट का सामना कर रहे श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने बृहस्पतिवार को अपना इस्तीफा ई-मेल के जरिये संसद के स्पीकर महिंदा यापा अभयवर्धने के कार्यालय को भेज दिया, जो शुक्रवार को इसकी औपचारिक घोषणा करने से पहले दस्तावेज की वैधता की जांच कर रहा है।

सूत्रों ने बताया कि स्पीकर वास्तविक हस्ताक्षर देखना चाहते हैं। इससे पहले, एक असमान्य कदम के तहत मालदीव की संसद (मजलिस) के अध्यक्ष (स्पीकर) मोहम्मद नशीद ने श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे के अपने पद से इस्तीफा दे देने की घोषणा की।

उन्होंने उम्मीद जताई कि अब संकट ग्रस्त देश ‘‘आगे बढ़ सकता है।’’ उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने इस्तीफा दे दिया है। मुझे उम्मीद है कि श्रीलंका अब आगे बढ़ सकता है। मेरा मानना है कि राष्ट्रपति अगर श्रीलंका में रहते तो इस्तीफा नहीं देते, क्योंकि उन्हें अपनी जान को खतरा था। मैं मालदीव सरकार के कदमों की प्रशंसा करता हूं। मेरी शुभकामानाएं श्रीलंका के लोगों के साथ है।’’ उल्लेखनीय है कि राजपक्षे ने शनिवार को घोषणा की थी कि वह 13 जुलाई को अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।

उन्होंने यह घोषणा देश में अभूतपूर्व आर्थिक संकट के बाद प्रदर्शनकारियों के उनके आधिकारिक आवास में दाखिल हो जाने के बाद की थी। हालांकि, वह पद से बिना इस्तीफा दिए बुधवार को मालदीव चले गए और बृहस्पतिवार को वहां से सिंगापुर पहुंचे।

कोलंबो गजट की खबर के मुताबिक, राजपक्षे के इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे राष्ट्रपति होंगे। विक्रमसिंघे अभी कार्यवाहक राष्ट्रपति हैं।

प्रमुख खबरें

Delhi में DTC बसों में 2,947 मार्शल तैनात, महिलाओं की सुरक्षा के लिए 56 विशेष बसें

Delhi में TMC नेताओं संग हिरासत में ली गईं Mamata Banerjee, स्थिति को आपातकाल से बदतर बताया

Election Commission का समर्थन करते हुए 124 पूर्व नौकरशाहों ने चुनावी धांधली के दावों पर उठाए सवाल

बदले हालात के आधार पर पूरा होगा India US Trade Pact, Piyush Goyal ने दी जानकारी