By रेनू तिवारी | Oct 07, 2026
नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित पौराणिक फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' को लेकर दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। मेकर्स ने इस भव्य सिनेमाई महाकाव्य से अनुभवी अभिनेता अरुण गोविल का पहला आधिकारिक पोस्टर (First Look Poster) जारी कर दिया है। फिल्म में अरुण गोविल अयोध्या के राजा दशरथ की भूमिका में नजर आएंगे। अरुण गोविल, जो रामानंद सागर की मशहूर 'रामायण' में भगवान राम का किरदार निभाने के लिए जाने जाते हैं, आने वाली फिल्म में राजा दशरथ का रोल निभाएंगे। पहला पोस्टर अयोध्या के राजा के तौर पर उनके शाही लुक की झलक दिखाता है।
पोस्टर शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा, "उन्होंने एक पीढ़ी के लिए राम के किरदार को जीवंत किया था। अब, वह अयोध्या के राजा के तौर पर रामायण की दुनिया में लौट रहे हैं। राजा दशरथ के रूप में अरुण गोविल।"
'रामायण' पोस्टर में पहली बार एक साथ दिखे रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे
इससे पहले सितंबर में, मेकर्स ने 'रामायण: पार्ट 1' का पहला पोस्टर जारी किया था जिसमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे को राम, सीता और लक्ष्मण के रूप में दिखाया गया था। पोस्टर का कैप्शन था, "हमेशा साथ, धर्म के साथ।"
'रामायण पार्ट 1' के बारे में
नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित, माइथोलॉजिकल महाकाव्य 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी सीता के रूप में, रॉकिंग स्टार यश रावण के रूप में, सनी देओल हनुमान के रूप में और रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में नज़र आएंगे। फिल्म में रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, लारा दत्ता और सौरभ सचदेवा भी अहम भूमिकाओं में हैं।
इसे नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज़ ने 8 बार ऑस्कर जीतने वाली कंपनी DNEG और यश के मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है।
गौरतलब है कि 'रामायण पार्ट 1' दुनिया भर में IMAX में रिलीज़ होगी। रामायण का पहला भाग दिवाली 2026 में और दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज़ होने वाला है।
Entertainment News Hindi Today only at Prabhasakshi