Ramgarh Road Accident: रजरप्पा मंदिर जा रहे बिहार के 13 श्रद्धालुओं की सड़क हादसे में मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026

अमृता कुमारी को सरकारी नौकरी मिलने से उनके घर में खुशी का माहौल था और मनौती पूरी होने के चलते इस परिवार के लोग एक अन्य परिवार के लोगों को साथ लेकर शनिवार को झारखंड के प्रसिद्ध छिन्नमस्ता मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए निकले थे, लेकिन इस दौरान उनकी कार (एसयूवी) के दुर्घटनाग्रस्त होने पर दोनों परिवारों के 10 सदस्यों समेत कुल 13 लोगों की मौत से यह खुशी मातम में बदल गई। रामगढ़ में शनिवार देर रात तेज गति से गुजर रही एसयूवी के एक भारी वाहन से टकरा जाने से उसमें सवार पांच बच्चों और तीन महिलाओं समेत बिहार के कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में से 10 लोग दो परिवार के सदस्य थे।

अमृता के देवर पंकज कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “परिवार ने मां छिन्नमस्ता से प्रार्थना की थी कि अमृता को सरकारी नौकरी मिल जाए। जब ​​उसे नौकरी मिल गई, तो परिवार के सदस्यों ने देवी को धन्यवाद देने के लिए मंदिर जाने का फैसला किया। उन्हें जरा-भी अंदाजा नहीं था कि यह तीर्थयात्रा उनके जीवन की आखिरी यात्रा साबित होगी।” कुमार ने कहा, “मुझे रविवार तड़के करीब चार बजे पुलिस का फोन आया।

मैं हैरान रह गया... मेरे पिता का कुछ साल पहले निधन हो गया था और अब इस हादसे में मैंने अपनी मां और भाई के पूरे परिवार को खो दिया।” कुमार ने इस हादसे में अपनी मां प्रवीला देवी (62), भाई विवेकानंद कुमार (38), भाभी अमृता (36), दंपति की बेटी सोनाली कुमारी (15) और बेटे शुभम आर्यन (14) तथा अमन आर्यन (9) को गंवा दिया। वे बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे। हादसे में अपने दोस्त राजेश कुमार (26) को खोने वाले धर्मा ने कहा, “विवेकानंद एक निजी स्कूल के प्रधानाचार्च थे।

उनकी पत्नी को एक सरकारी स्कूल में नौकरी मिल गई थी, जिसके बाद उन्होंने देवी का आशीर्वाद लेने के लिए राजरप्पा मंदिर जाने की योजना बनाई थी।” विवेकानंद के मामा सुरेंद्र प्रसाद हादसे की खबर सुनकर सदमे में हैं। उन्होंने कहा, “इस हादसे में मैंने अपनी बहन, भांजे, उसकी पत्नी और उनके तीन बच्चों को खो दिया। जो कुछ हुआ है, उससे मैं बुरी तरह हिल गया हूं।

यह त्रासदी इतनी बड़ी है कि इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।” हादसे में मारे गए दूसरे परिवार के सदस्यों में मुकेश कुमार मेहता (36), उनकी पत्नी किरण कुमारी (29) और दो बच्चे साहिल कुमार (10) व वैष्णवी कुमारी (5) शामिल हैं। वे नालंदा जिले के करहडीह गांव के रहने वाले थे। इसके अलावा, दानियावां गांव के रहने वाले सिंटू कुमार (29) और राजेश कुमार तथा एसयूवी चालक नंदन कुमार (22) की भी इस हादसे में मौत हो गई।

वहीं, घायल चंदन कुमार (26) का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

प्रमुख खबरें

पुणे में National Shooting Championship की शुरुआत पर हंगामा, उपकरण जांच में देरी पर भड़के खिलाड़ी

Balochistan में अज्ञात हमलावरों ने 11 कोयला खदान मजदूरों को अगवा कर मार डाला

Jammu में स्वतंत्र NLU न मिलने पर सियासत तेज, Congress ने BJP पर साधा निशाना

Gold Silver Price: अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों और ब्याज दरों पर टिकी सर्राफा बाजार की चाल