By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026
राइफल की राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप की शुरुआत रविवार को अव्यवस्थाओं के बीच हुई जिसमें यहां बालेवाड़ी शूटिंग रेंज में उपकरण जांच केंद्रों पर लंबी कतारों और देरी से परेशान 7,500 से अधिक प्रतिभागी निशानेबाजों में से कई ने नाराजगी जताई। कई निशानेबाजों ने सोशल मीडिया पर अपनी शिकायतें साझा कीं। देश के अलग-अलग हिस्सों से पुणे पहुंचे कई खिलाड़ियों को डर था कि कहीं वे अपने मुकाबलों में हिस्सा लेने से ही वंचित न रह जाएं।
हालांकि भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के महासचिव पवन कुमार सिंह ने खिलाड़ियों की चिंताओं को दूर करने का प्रयास करते हुए आश्वासन दिया कि किसी भी निशानेबाज को प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के मौके से वंचित नहीं किया जाएगा। सिंह ने शुरुआती अव्यवस्थाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) के उपकरणों और निशानेबाजी पोशाक से जुड़े नए नियमों को जिम्मेदार ठहराया, जो इस साल लागू हुए हैं। उन्होंने कहा कि कई प्रतिभागियों को इन बदलावों की जानकारी नहीं थी या वे नियमों के अनुरूप नहीं होने वाले उपकरण लेकर पहुंचे थे।
इसके कारण बार-बार जांच करनी पड़ रही थी। सिंह ने पीटीआई से कहा, ‘‘हमने देश के पांच स्थानों से उपकरण और जांच करने वाली मशीनें हवाई मार्ग से मंगाई हैं। अब पांच उपकरण जांच केंद्र काम कर रहे हैं।
स्थिति में सुधार हुआ है। ’’ कश्मीर से लेकर तिरुवनंतपुरम तक के निशानेबाज राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए पुणे पहुंचे हैं। यहां वे पदक जीतने के साथ राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।
सोशल मीडिया पर खिलाड़ियों की नाराजगी साफ दिखाई दी। एक निशानेबाज ने तो यहां तक मांग कर दी कि भविष्य में राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन पुणे में कभी नहीं होना चाहिए। एक वेबसाइट ‘इंडियनशूटिंग डॉट कॉम’ पर एक निशानेबाज ने लिखा, ‘‘एनआरएआई को राष्ट्रीय चैंपियनशिप पुणे में आयोजित नहीं करनी चाहिए।
यह इसके लिए उपयुक्त जगह नहीं है। हजारों खिलाड़ियों की भागीदारी को देखते हुए उन्हें उपकरण जांच के लिए कम से कम तीन काउंटर रखने चाहिए थे। ’’ बताया गया है कि इस मंच पर 150 से अधिक निशानेबाज अपनी शिकायतें दर्ज करा चुके हैं।
एक अन्य खिलाड़ी ने उपकरण जांच केंद्रों पर अधिक प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती की मांग की। उसने लिखा, ‘‘उपकरणों की जांच के लिए अधिक लोगों को प्रशिक्षित करें और ज्यादा कर्मचारियों को तैनात करें। यह इतना मुश्किल नहीं है।
’’ एक अन्य निशानेबाज ने इंस्टाग्राम पर पूरी व्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा, ‘‘उन्हें यह समझ नहीं है कि किसी टूर्नामेंट का सुचारू और कुशल तरीके से आयोजन कैसे किया जाता है, ताकि किसी खिलाड़ी को परेशानी न हो। यहां न अनुशासन है, न उचित प्रबंधन और न ही कोई व्यवस्थित व्यवस्था दिखाई देती है।