Ranji Trophy: पहली पारी की बढ़त से Andhra, सौराष्ट्र और Punjab को मिले 3-3 अंक

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 14, 2026

आंध्र, सौराष्ट्र और पंजाब ने बुधवार को रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी के अपने-अपने मैच ड्रॉ रहने के बाद पहली पारी में बढ़त के आधार पर तीन-तीन अंक हासिल किए जबकि आठ बार की चैंपियन कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और असम को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा। मेजबान आंध्र ने पिछले सत्र की उपविजेता कर्नाटक के खिलाफ पहली पारी में 144 रन की बड़ी बढ़त हासिल करके मैच में अपना दबदबा बनाए रखा। हालांकि कर्नाटक की दूसरी पारी में करुण नायर ने नाबाद 155 रन बनाए।

उस समय उसकी बढ़त 32 रन थी। टीम ने 103 ओवर में नौ विकेट पर 337 रन बनाकर दूसरी पारी घोषित कर दी और आंध्र के सामने 194 रन का लक्ष्य रखा। कर्नाटक ने आंध्र के चार विकेट 43 रन पर गिराकर मुकाबले में वापसी की कोशिश की लेकिन एसवी राहुल (नाबाद 35) और रेवंथ रेड्डी (नाबाद 20) ने टीम का स्कोर चार विकेट पर 104 रन तक पहुंचाकर मुकाबला ड्रॉ कराया।

भारतीय बल्लेबाज लोकेश राहुल दोनों पारियों में नाकाम रहे। उन्होंने पहली पारी में एक और दूसरी पारी में चार रन बनाए। राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में मेजबान सौराष्ट्र ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ मैच ड्रॉ खेलकर पहली पारी में 80 रन की बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल किए।

सौराष्ट्र ने पहली पारी में 392 रन बनाए थे जिसके जवाब में छत्तीसगढ़ की टीम 312 रन ही बना सकी थी। सौराष्ट्र ने दूसरी पारी में भी मजबूत प्रदर्शन करते हुए 67 ओवर में एक विकेट पर 229 रन बनाए। चिराग जानी 127 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि हार्विक देसाई ने 68 रन बनाए।

मुल्लांपुर में पंजाब ने अपने सत्र के पहले मुकाबले में ड्रॉ से पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल किए जबकि असम को एक अंक से संतोष करना पड़ा। असम ने पहली पारी में 373 रन बनाए थे जिसके जवाब में पंजाब ने छह विकेट पर 478 रन बनाकर अपनी पारी घोषित की और 105 रन की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में मैच ड्रॉ होने तक असम ने 61 ओवर में छह विकेट पर 157 रन बनाए थे।

दिनेश दास ने सर्वाधिक 45 रन बनाए जबकि पंजाब के उमेश यादव और हरप्रीत बरार ने दो-दो विकेट लिए। इससे पहले हैदराबाद ने तीसरे दिन त्रिपुरा को पारी और 40 रन से हराकर ग्रुप बी की अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया।

प्रमुख खबरें

MCD के सर्वे में दिल्ली के 81 मकान मिले खतरनाक, 553 इमारतों की मरम्मत कराने की सलाह

चौथे T20I में West Indies ने भारत को 24 रन से हराया, सीरीज में 2-2 की बराबरी

यूनिक मर्केंटाइल इंडिया के MD राज कुमार रॉय आदिलाबाद में गिरफ्तार, निवेश धोखाधड़ी का आरोप

West Bengal: बंद चाय बागानों के मजदूरों को मिलेंगे 5000 रुपये और अतिरिक्त राशन