By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 11, 2026
मौजूदा चैंपियन जम्मू कश्मीर ने मध्यम तेज गति के गेंदबाज रोहित शर्मा के पांच विकेट के दम पर रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए के मैच के पहले दिन रविवार को यहां मध्य प्रदेश की पहली पारी को 196 रन पर समेट दिया। जम्मू कश्मीर की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। आवेश खान ने तीसरे ओवर में सलामी बल्लेबाज शुभम खजूरिया को बिना खाता खोले आउट कर दिया।
सुनील ने 69 रन देकर चार विकेट चटकाये जिससे मध्य प्रदेश की टीम 74.2 ओवर में आउट हो गयी। मध्य प्रदेश के कप्तान शुभम शर्मा ने एक छोर संभालते हुए 174 गेंदों पर 79 रन बनाए। मध्य प्रदेश ने 41 रन तक अपने तीन विकेट गंवा दिए थे।
सलामी बल्लेबाज यश दुबे चार रन और हर्ष गवली 12 रन बनाकर आउट हुए, जबकि विकेटकीपर हिमांशु मंत्री 17 रन ही बना सके। रोहित ने गवली और मंत्री को पवेलियन भेजने के बाद चंचल राठौर (33) और अथर्व महाजन (शून्य) को भी अपना शिकार बनाया। उनका पांचवां विकेट कप्तान शुभम शर्मा का रहा, जिनके आउट होते ही मध्य प्रदेश की पारी समाप्त हो गई।
सुनील कुमार ने यश दुबे, भारत के लिए हाल ही पदार्पण करने वाले सारांश जैन, आर्यन पांडे और आवेश को आउट किया। आकिब नबी ने भी रवि किरण का विकेट लिया। विदर्भ ने नगापुर में पुडुचेरी के खिलाफ यश राठौड़ और कप्तान अक्षय वाडकर की नाबाद शतकीय पारियों से पांच विकेट पर 300 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
विदर्भ को शुरुआती झटके लगे और टीम ने 54 रन तक पांच विकेट गंवा दिये लेकिन इसके बाद राठोड़ ने 131 और वाडकर ने 112 रन की नाबाद पारियों के साथ टीम को और नुकसान नहीं होने दिया। दोनों ने अब तक छठे विकेट के लिए 146 रन की साझेदारी कर ली है। बिहार के खिलाफ राजगीर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदान में उत्तर प्रदेश ने पहले दिन तीन विकेट पर 195 रन बना लिए।
उत्तर प्रदेश ने शुरुआती विकेट गंवाए, लेकिन माधव कौशिक (नाबाद 90) और भारतीय बल्लेबाज रिंकू सिंह (नाबाद 56) की शानदार बल्लेबाजी ने पारी को संभाल लिया। बड़ौदा ने गोवा के खिलाफ पहले दिन रविवार को तीन विकेट पर 204 रन बना लिए। पणजी जिमखाना मैदान पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बड़ौदा की टीम ने दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी पारी को अच्छी तरह संभाले रखा।
बड़ौदा के लिए शिवालिक शर्मा ने 62 रन बनाये जबकि स्टंप्स के समय शाश्वत रावत नाबाद 40 और दीपक हुड्डा नाबाद 38 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद है।