Ranji Trophy: त्रिपुरा ने Saurashtra को 133 रन से हराया, सत्र की पहली जीत दर्ज की

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 05, 2026

अगरतला, पांच नवंबर त्रिपुरा ने रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप बी मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए बृहस्पतिवार को यहां पूर्व चैंपियन सौराष्ट्र को 133 रन से करारी शिकस्त देकर मौजूदा सत्र की पहली जीत दर्ज की। ऑफ स्पिनर संदीप सरकार और तेज गेंदबाज अभिजीत सरकार ने सात विकेट साझा कर त्रिपुरा की ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाई। त्रिपुरा ने 342 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही सौराष्ट्र को 208 रन पर आउट कर अपने क्रिकेट इतिहास की यादगार जीत दर्ज की।

इससे पहले टीम ने पिछले वर्षों में एलीट ग्रुप में हिमाचल प्रदेश और गोवा के खिलाफ भी जीत दर्ज की थी। सौराष्ट्र ने दिन की शुरुआत में सात विकेट पर 131 रन से आगे खेलना शुरू किया। अनुभवी अर्पित वासवदा और चेतन सकारिया की कोशिश टीम को मुश्किल से निकालने की थी, लेकिन दिन के पहले ही ओवर में अभिजीत ने सकारिया को पवेलियन भेजकर सौराष्ट्र की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया।

इसके बाद वासवदा (89 रन, 189 गेंद) और नील पंड्या (नौ रन, 63 गेंद) ने नौवें विकेट के लिए 59 रन जोड़कर सौराष्ट्र की हार को कुछ देर के लिए टाला। अभिजीत ने पंड्या को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। वासवदा ने 122 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा करते हुए एक छोर संभाले रखा।

वह त्रिपुरा के कप्तान मणिशंकर मुरासिंह के सटीक थ्रो रन आउट हुए जिससे सैराष्ट्र की पारी समाप्त हो गयी। चार मुकाबलों में यह त्रिपुरा की पहली जीत है। इस सफलता के साथ टीम छह अंक लेकर अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई है।

पिछले मुकाबले में कर्नाटक के खिलाफ पारी की बड़ी हार झेलने के बाद पूर्व चैंपियन जैसी मजबूत टीम को शिकस्त देना त्रिपुरा की उपलब्धि को और खास बनाता है। सौराष्ट्र चार मैचों में 13 अंक के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर बना हुआ है। सिकंदराबाद में हैदराबाद ने छत्तीसगढ़ के 259 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एक विकेट से जीत दर्ज की।

अनिकेत रेड्डी (नाबाद 39) और रक्षण रेड्डी (नाबाद 15) ने 10वें विकेट के लिए 39 रन की अटूट साझेदारी करके हैदराबाद को जीत दिलाई। इस जीत से हैदराबाद की टीम चार मैच में 20 अंक के साथ तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। कनार्टक 16 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है।

मुल्लांपुर में पंजाब और आंध्र की पहली पारियां भी समाप्त नहीं होने के कारण ड्रॉ हुए मैच से दोनों टीम को एक-एक अंक मिला। पंजाब ने पहली पारी आठ विकेट पर 592 रन बनाकर घोषित की थी जिसके जवाब में आंध्र ने आठ विकेट पर 505 रन बनाए। आंध्र की ओर से शेख रशीद ने 176, किरण शिंदे ने 96 जबकि श्रीराम राहुल ने नाबाद 76 रन बनाए।

प्रमुख खबरें

Bhupender Yadav ने कहा, Bihar की अटकी परियोजनाओं को पर्यावरण मंजूरी पर मंत्रालय देगा ध्यान

Kochi Mercedes Car Accident मामले में जज के नाबालिग बेटे की जमानत बरकरार, याचिका खारिज

UP में PMHS डॉक्टरों के लिए सुपर स्पेशियलिटी का मौका, 10 साल की सेवा अनिवार्य

Maharajganj में पुलिस और ATS का बड़ा एक्शन, 122 किलो गांजे के साथ दो तस्कर दबोचे