By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 13, 2022
नयी दिल्ली, रंजीत रथ सार्वजनिक क्षेत्र की दूसरी सबसे बड़ी पेट्रोलियम कंपनी ऑयल इंडिया लि. (ओआईएल) के नए प्रमुख होंगे। सार्वजनिक उपक्रमों के लिए शीर्ष अधिकारियों का चयन करने वाले सार्वजनिक उपक्रम चयन बोर्ड (पीईएसबी) ने रथ का नाम ऑयल इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक पद के लिए चुना है। रथ (50) फिलहाल मिनरल एक्सप्लोरेशन कॉरपोरेशन लि. (एमईसीएल) के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक हैं। पीईएसबी की अधिसूचना के अनुसार, नौ मार्च को पांच आवेदकों के साक्षात्कार के बाद रथ के नाम पर मुहर लगाई गई। खास बात यह है कि इस पद के लिए ऑयल इंडिया के निदेशक मंडल के दो निदेशक तथा एक अन्य कार्यकारी निदेशक भी दौड़ में थे, लेकिन रथ को इनपर तरजीह दी गई। ऑयल इंडिया के मौजूदा चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक सुशील चंद्र मिश्रा 30 जून को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।