By Kusum | May 03, 2025
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में आरसीबी की तरफ से रोमारियो शेफर्ड ने तूफान मचा दिया है। शेफर्ड ने अंतिम दो ओवरों में तूफानी पारी खेलते हुए इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करवा लिया है। शेफर्ड आईपीएल 2025 में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं, जबकि आईपीएल के इतिहास में ऐसा करने वाले चौथे बल्लेबाज बने हैं। शेफर्ड ने चेन्नई के खिलाफ मैच में 14 गेंद में नाबाद 53 रन बनाए हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में रोमारियो शेफर्ड कप्तान रजत पाटीदार के आउट होने के बाद क्रीज पर आए। वह शुरुआती दो गेंद में सिर्फ एक रन ही बना सके। इसके बाद खलील अहमद के ओवर में उन्होंने चार छक्के और दो चौके लगाकर ओवर में 33 रन बटोरे। उन्होंने 9 गेंद में ही 33 रन बना लिए थे। इसके बाद अगले ओवर में उन्होंने दो चौके और इतने ही छक्के लगाकर 14 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जोकि जारी सीजन का सबसे तेज अर्धशतक भी है। शेफर्ड ने 14 गेंद में 6 छक्के और चार चौके की मदद से 53 रन बनाए।