By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 17, 2021
चेन्नई। कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) अपने मध्यक्रम की कमजोरियों से पार पाकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के खिलाफ रविवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में अपना अभियान पटरी पर लाने की कोशिश करेगा। दुनिया में सीमित ओवरों के दो सर्वश्रेष्ठ कप्तानों इयोन मोर्गन और विराट कोहली के बीच होने वाले इस मुकाबले में बेंगलोर की टीम का पलड़ा थोड़ा भारी लगता है क्योंकि उसने अपने पिछले दोनों मैच जीते है। अपनी कुशल रणनीति और मानव प्रबंधन के लिये मशहूर इंग्लैंड के कप्तान मोर्गन केकेआर का अभियान पटरी पर लाने के लिये बेताब होंगे। केकेआर का मध्यक्रम नहीं चल रहा है जिसके कारण उसे मुंबई इंडियन्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सभी विभागों में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद मुंबईकेखिलाफ केकेआर का मध्यक्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया और उसे 13 मैचों में 12वीं हार का सामना करना पड़ा। मोर्गन ने अपने कप्तानी कौशल का परिचय गेंदबाजी में दिखाया था और मुंबई को 152 रन पर रोकने में अहम भूमिका निभायी थी।
कोहली हालांकि अपनी टीम का विजय अभियान जारी रखने के लिये प्रतिबद्ध होंगे और अपने बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे होंगे। टीम इस प्रकार हैं - रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: विराट कोहली (कप्तान), एबी डिविलियर्स, देवदत्त पडिक्कल, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद सिराज, केन रिचर्डसन, वॉशिंगटन सुंदर, पावन देशपांडे, जोशुआ फिलिप, शाहबाज आहमद, नवदीप सैनी, एडम ज़म्पा, काइल जैमिसन रजत पाटीदार, सचिन बेबी, मोहम्मद अजहरुद्दीन, डैन क्रिश्चियन, केएस भारत, सुयश प्रभुदेसाई, डैनियल सैम्स और हर्षल पटेल। कोलकाता नाइट राइडर्स: इयोन मोर्गन (कप्तान), दिनेश कार्तिक, शुभमन गिल, नितीश राणा, टिम सेफर्ट, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, कुलदीप यादव, शिवानी मावी, लॉकी फर्ग्यूसन, पैट कमिंस, कमलेश नागरकोटी, संदीप वारियर, प्रदीप बैरियर कृष्णा, राहुल त्रिपाठी, वरुण चक्रवर्ती, शाकिब अल हसन, शेल्डन जैक्सन, वैभव अरोड़ा, हरभजन सिंह, करुण नायर, बेन कटिंग, वेंकटेश अय्यर और पवन नेगी। मैच दोपहर बाद तीन बजकर 30 मिनट से शुरू होगा।