राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सही रणनीति के साथ उतरना चाहेगा आरसीबी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 16, 2020

दुबई। किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ अपने कुछ गलत फैसलों के कारण हार झेलने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) की टीम राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शनिवार को होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में सही रणनीति के साथ मैदान पर उतरना चाहेगी। विराट कोहली की अगुवाई वाले आरसीबी ने अब तक अपने आलराउंड प्रदर्शन से आठ में से पांच मैच जीते हैं लेकिन किंग्स इलेवन के खिलाफ गुरुवार को आठ विकेट से हार के दौरान उसने कुछ गलतियां की जो उसे आखिर में भारी पड़ी। दूसरी तरफ रॉयल्स शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों की नाकामी से जूझ रहा है तथा उसने अभी तक आठ में से जो तीन मैच जीते हैं उनमें निचले क्रम के बल्लेबाजों का योगदान महत्वपूर्ण रहा।

इसे भी पढ़ें: दिनेश कार्तिक ने केकेआर की कप्तानी छोड़ी, मोर्गन ने संभाला जिम्मा

अब कोहली और उनकी टीम इस हार को भुलाकर सही रणनीति के साथ मैदान पर उतरना चाहेगी। कोहली ने मैच के बाद कहा, ‘‘हमारी बातचीत हुई और हम दायें-बायें हाथ से खेलने वाले खिलाड़ी के साथ रहना चाहते थे क्योंकि उनके पास दो लेग स्पिनर थे। कभी कभार चीजें ठीक नहीं होती। हम अपने फैसले से खुश थे लेकिन यह कारगर नहीं हुआ। ’’ जहां तक रॉयल्स का सवाल है तो उसके पास मजबूत बल्लेबाजी है लेकिन कप्तान स्टीव स्मिथ और संजू सैमसन पहले दो मैचों में शानदार प्रदर्शन करने के बाद रन बनाने के लिये जूझ रहे हैं। जोस बटलर अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाये हैं। उन्होंने सात पारियों में केवल एक अर्धशतक लगाया है। बेन स्टोक्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मैच में 41 रन बनाकर अपना रंग दिखाया था।

उनसे टीम को अच्छे स्कोर की उम्मीद होगी। रॉयल्स को राहुल तेवतिया के शानदार प्रदर्शन से किंग्स इलेवन पंजाब और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत मिली थी लेकिन दिल्ली के खिलाफ उनका बल्ला भी नहीं चल पाया था। जोफ्रा आर्चर राजस्थान रॉयल्स की गेंदबाजी के अगुआ है जिसमें स्पिनर तेवतिया और श्रेयस गोपाल का उन्हें लगातार साथ मिल रहा है। आर्चर ने मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘हमने इस साल कुछ अच्छा प्रदर्शन किया है, हमें आगामी मैचों में एकजुट होकर मिलकर अच्छा करने की जरूरत है। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम पहले भी इस स्थिति में रह चुके हैं और इससे वापसी कर चुके हैं इसलिये हम इसके बारे में ज्यादा परेशान नहीं है, हम जानते हैं कि यह किया जा सकता है और मुझे इस टीम पर भरोसा है। ’’

टीमें इस प्रकार हैं : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर : विराट कोहली (कप्तान), एबी डिविलियर्स, पार्थिव पटेल, आरोन फिंच, जोश फिलिप, क्रिस मॉरिस, मोइन अली, मोहम्मद सिराज, शाहबाज अहमद, देवदास पडिक्कल, युजवेंद्र चहल, नवदीप सैनी, डेल स्टेन, पवन नेगी, इसुरु उदाना, शिवम दुबे, उमेश यादव, गुरकीरत सिंह मान, वाशिंगटन सुंदर, पवन देशपांडे, एडम ज़म्पा। राजस्थान रॉयल्स: जोस बटलर, बेन स्टोक्स, संजू सैमसन, एंड्रयू टाई, कार्तिक त्यागी, स्टीवन स्मिथ (कप्तान), अंकित राजपूत, श्रेयस गोपाल, राहुल तेवतिया, जयदेव उनादकट, मयंक मारकंडे, महिपाल लोमरोर, ओसाने थॉमस, रियान पराग, यशस्वी जायसवाल , अनुज रावत, आकाश सिंह, डेविड मिलर, मनन वोहरा, शशांक सिंह, वरुण आरोन, टॉम कुरेन, रॉबिन उथप्पा, अनिरुद्ध जोशी, जोफ्रा आर्चर। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर बाद तीन बजकर 30 मिनट से शुरू होगा।

प्रमुख खबरें

Shardiya Navratri 2026: नवरात्रि में 9 दिन दीये में डालें ये 9 चीजें, दूर होगी नकारात्मक ऊर्जा

National Steel Policy 2047: केंद्र ने जारी किया ड्राफ्ट, 60.4 करोड़ टन उत्पादन का लक्ष्य

Amitabh Bachchan का जन्मदिन आज, 11 अक्टूबर के इतिहास में दर्ज हैं ये बड़ी घटनाएं

भारत के खिलाफ ODI Series के लिए New Zealand ने चुनी दो अलग टीमें