By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 22, 2017
दिल्ली चुनाव आयोग ने केजरीवाल सरकार को आम आदमी मुहल्ला क्लीनिक आदि सरकारी योजनाओं के विज्ञापनों से ‘‘आम’’ शब्द हटाने को कहा है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता की शिकायत पर राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव और तीनों नगर निगम आयुक्तों को यह निर्देश जारी किया है। आयोग के उप सचिव गिरीश पांडे ने सार्वजनिक स्थलों पर सरकार के विज्ञापनों से ‘‘आम’’ शब्द हटाने का निर्देश दिया है।
गुप्ता ने आयोग में गत 18 मार्च को शिकायत दी थी। इसमें उन्होंने 9 अप्रैल को प्रस्तावित विधानसभा की एक सीट के उपचुनाव और 22 अप्रैल को निगम चुनाव के मद्देनजर आम आदमी शब्द के इस्तेमाल वाली सरकारी योजनाओं के विज्ञापन को आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए आयोग से इसे हटवाने की मांग की थी। आयोग ने सरकार और नगर निगम से इस निर्देश के पालन की 48 घंटे में अनुपालन रिपोर्ट भी देने को कहा है।