Reserve Bank के ब्याज दर पर निर्णय, वैश्विक रुख से तय होगी शेयर बाजार की चाल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 02, 2023

नयी दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक समीक्षा बैठक के नतीजे, वृहद आर्थिक आंकड़े और वैश्विक रुख इस सप्ताह शेयर बाजारों की दिशा तय करेंगे। विश्लेषकों ने यह राय जताई है। इसके अलावा विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की गतिविधियां भी बाजार की दिशा को प्रभावित करेंगी। मंगलवार को ‘महावीर जयंती’ और शुक्रवार को ‘गुड फ्राइडे’ पर बाजार में अवकाश रहेगा। स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट लि. के वरिष्ठ तकनीकी विश्लेषक प्रवेश गौर ने कहा, ‘‘निवेशकों की निगाह एफपीआई और घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) के रुख पर रहेगी। एफपीआई अब शुद्ध खरीदार हो गए हैं।

वृहद आर्थिक मोर्चे पर विनिर्माण पीएमआई और सेवा पीएमआई के आंकड़े तीन और पांच अप्रैल को आएंगे। बाजार की निगाह विशेषरूप से छह अप्रैल को आने वाली एमपीसी की बैठक के नतीजे पर रहेगी।’’ उन्होंने कहा कि घरेलू कारकों के अलावा विदेशी कोषों का प्रवाह भी बाजार की दिशा को प्रभावित करेगा। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,464.42 अंक या 2.54 प्रतिशत के लाभ में रहा। शुक्रवार को सेंसेक्स 1,031.43 अंक या 1.78 प्रतिशत के लाभ से 58,991.52 अंक पर बंद हुआ था।

इसे भी पढ़ें: Covid Alert: भारत में कोविड-19 के 3,824 नए मामले, पिछले छह महीने में सर्वाधिक

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के खुदरा शोध प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा कि निकट भविष्य में बाजार की निगाह रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की बैठक पर रहेगी। शुक्रवार को एशिया, यूरोप और अमेरिका के बाजार भी सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि निवेशकों को एमपीसी की बैठक के नतीजों के साथ पीएमआई आंकड़ों का बेसब्री से इंतजार है। इसके अलावा अमेरिका के निजी उपभोग के आंकड़ों पर सभी की निगाह रहेगी। इसके आधार पर ही अमेरिकी केंद्रीय बैंक का भविष्य का रुख तय होगा।

प्रमुख खबरें

MP Cabinet ने विकास कार्यों के लिए 42,490 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को दी मंजूरी

Saharanpur में सर्राफ से 5.11 लाख की ठगी मामले में जांच कर रहे SI Man Singh पर केस दर्ज

Ahmedabad: Sabarmati Jail के भजिया हाउस को 2.5 करोड़ रुपये से बनाया जा रहा तीन मंजिला हेरिटेज कॉम्प्लेक्स

London में CM Joseph Vijay का कार्यक्रम Metropolitan Police ने सुरक्षा कारणों से किया रद्द