Rishabh Pant की 66 रन की आक्रामक पारी से भारत ने Sri Lanka को 372 रन का लक्ष्य दिया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 18, 2026

ऋषभ पंत की 66 रन की आक्रामक पारी और देवदत्त पडिक्कल के शानदार 44 रन की बदौलत भारत ने मंगलवार को पहले टेस्ट के चौथे दिन चाय तक अपनी दूसरी पारी में 193 रन बनाकर श्रीलंका के सामने जीत के लिए 372 रन का बेहद मुश्किल लक्ष्य रखा। यह लक्ष्य गॉल स्टेडियम में टेस्ट क्रिकेट में लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़े स्कोर के रिकॉर्ड से ज्यादा है। यहां अब तक सबसे बड़ा सफल लक्ष्य हासिल करने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के नाम है, जिसने 2022 में 344 रन का लक्ष्य हासिल किया था।

बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा की गेंद पर छक्का लगाकर पचासा पूरा किया। उन्होंने छठे विकेट के लिए रविंद्र जडेजा के साथ 54 रन जोड़े।पंत की रोमांचक पारी का अंत लाहिरू की गेंद पर विकेटकीपर निरोशन डिकवेला के हाथों कैच के साथ हुआ। इससे पहले पहली पारी में 167 रन बनाने वाले पडिक्कल ने दूसरी पारी में भी शानदार लय दिखाई।

उन्होंने स्पिनरों के खिलाफ मनमाने अंदाज में स्वीप और कट शॉट लगाए और भारत को श्रीलंका से काफी आगे निकलने में मदद की। ऑफ स्पिनर केशारा नुवंता की गेंद पर लगाया गया उनका सीधा पंच उनकी पारी का सबसे बेहतरीन शॉट रहा। नुवंता की तेजी से अंदर आती गेंद ने पडिक्कल को बैकफुट पर फंसा दिया।

पगबाधा दिए जाने के बाद उन्होंने डीआरएस का सहारा लिया, लेकिन फैसला उनके पक्ष में नहीं आया। इससे पहले भारत की दूसरी पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही क्योंकि यशस्वी जायसवाल ने पहले ही ओवर में ही तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो की गेंद पर विकेटकीपर निरोशन डिकवेला को कैच दे दिया। जायसवाल खाता भी नहीं खोल पाए।

जायसवाल को अब बड़ी पारी खेलने की जरूरत है क्योंकि पिछली आठ टेस्ट पारियों में उन्होंने सिर्फ एक अर्धशतक बनाया है। अभी केवल एक प्रारूप में खेल रहे इस सलामी बल्लेबाज को टीम को ठोस शुरुआत देने का जिम्मा सौंपा गया है। राहुल बेहतरीन लय में दिखे और उन्होंने अपनी पारी में आक्रामक अंदाज अपनाकर प्रभात जयसूर्या पर दो छक्के जड़े।

डीआरएस के कारण पगबाधा होने से बचने वाले राहुल ने पडिक्कल के साथ दूसरे विकेट के लिए 65 रन जोड़े। वह जयसूर्या की गेंद पर कैच आउट हो गए। कप्तान शुभमन गिल भी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए।

जयसूर्या ने उन्हें पगबाधा आउट किया। श्रीलंका के दिनेश चांदीमल सीमा रेखा पर क्षेत्ररक्षण करते समय कंधे में चोट लगने के कारण मैदान से बाहर चले गए। उन्हें एहतियाती जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

बाद में जांच में किसी गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई और वह चौथी पारी में बल्लेबाजी के लिए उपलब्ध रहेंगे।

प्रमुख खबरें

Washington में Kim Jung-kwan की अहम बैठक, South Korea ने Semiconductors पर निवेश की खबरों का किया जोरदार खंडन

NRIs को बड़ी राहत: SEBI के नए KYC नियमों से India में आएगा टिकाऊ Foreign Capital, बोले Nithin Kamath

23 साल बाद Emraan Hasmi की जबरदस्त वापसी, Awarapan 2 की सफलता पर पत्नी परवीन ने कही दिल छू लेने वाली बात

Ankit Sharma Murder Case: जावेद की उम्रकैद के खिलाफ अपील पर Delhi High Court ने पुलिस से मांगा जवाब