By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 25, 2019
नयी दिल्ली। रॉबर्ट वाड्रा ने ‘‘जनता की सेवा में एक बड़ी भूमिका निभाने’’ का संकेत देने के एक दिन बाद सोमवार को कहा कि उन्हें राजनीति में आने की कोई हड़बड़ीनहीं है। वाड्रा की यह टिप्पणी उत्तर प्रदेश स्थित उनके गृह नगर मुरादाबाद में वे पोस्टर लगने के एक दिन बाद आयी है जिसमें उनके चुनाव लड़ने के लिए उनका स्वागत किया गया था। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बहनोई वाड्रा ने रविवार को फेसबुक पर एक पोस्ट किया था जिसमें उन्होंने घोषणा की थी कि उनके खिलाफ चल रहे मामले समाप्त होने के बाद वह ‘‘जनता की सेवा में एक बड़ी भूमिका’’ निभा सकते हैं। उसके बाद उनके सक्रिय राजनीति में आने को लेकर अटकलें शुरू हो गईं।
इसे भी पढ़ें: अदालत ने ईडी से जब्त दस्तावेजों के लिए रॉबर्ट वाड्रा को दिया 5 दिन का वक्त
पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के पति वाड्रा ने कहा, ‘‘इतने वर्षों के अनुभव और ज्ञान को ऐसे ही व्यर्थ नहीं किया जा सकता और इसका बेहतर इस्तेमाल किया जाना चाहिए...एक बार ये सभी आरोप समाप्त हो जाने पर, मेरा मानना है कि मुझे जनता की सेवा में एक बड़ी भूमिका निभानी चाहिए।’’ वाड्रा की यह टिप्पणी प्रियंका के सक्रिय राजनीति में आने और कांग्रेस महासचिव पूर्वी उत्तर प्रदेश नियुक्त होने के कुछ सप्ताह बाद आयी है।