रोहित-कोहली के निशाने पर होगा गांगुली का 20 साल पुराना रिकार्ड

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 18, 2019

नयी दिल्ली। रोहित शर्मा के नाम पर एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रिकार्ड तीन दोहरे शतक दर्ज हैं और यह सलामी बल्लेबाज 30 मई से शुरू होने वाले विश्व कप में लंबी पारियां खेलने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन करके सौरव गांगुली के 20 साल पुराने भारतीय रिकार्ड को तोड़ने की कोशिश करेगा। रोहित ही नहीं शीर्ष क्रम के अन्य दो बल्लेबाज कप्तान विराट कोहली और शिखर धवन भी बड़ी पारी खेलकर विश्व कप में एक पारी में सर्वोच्च स्कोर का भारतीय रिकार्ड अपने नाम पर करने के लिये कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। हर चार साल में होने वाले क्रिकेट महाकुंभ में यूं तो दो दोहरे शतक लगे हैं लेकिन भारत की तरफ से सर्वोच्च स्कोर 183 रन है जो गांगुली ने 1999 में टांटन में श्रीलंका के खिलाफ बनाया था। इसके बाद विश्व कप में केवल दो अवसरों पर भारतीय बल्लेबाजों ने 150 के स्कोर को पार किया। वीरेंद्र सहवाग के पास 2011 में बांग्लादेश के खिलाफ ढाका में गांगुली का रिकार्ड तोड़ने का सुनहरा मौका था लेकिन वह कपिल देव की 1983 में खेली गयी ऐतिहासिक नाबाद 175 रन की पारी की बराबरी करके पवेलियन लौट गये। सचिन तेंदुलकर ने 2003 में नामीबिया के खिलाफ पीटरमैरिटजबर्ग में 152 रन बनाये थे। वनडे में पहला दोहरा शतक जड़ने वाले तेंदुलकर का यह विश्व कप में सर्वोच्च स्कोर भी है। 

इसे भी पढ़ें: ICC ने जारी किया वर्ल्ड कप का ऑफिशियल सॉन्ग, यहां सुनें

कोहली ने वैसे वनडे में चार बार 150 से अधिक का स्कोर बनाया है और उनका उच्चतम स्कोर 183 रन है। भारतीय कप्तान विश्व कप में मददगार परिस्थितियों का फायदा उठाकर दोहरे शतक लगाने वलो बल्लेबाजों में अपना नाम लिखवाने की कोशिश करेंगे। भारत की वर्तमान टीम में से मध्यक्रम के बल्लेबाजों में केवल महेंद्र सिंह धोनी को ही विश्व कप में खेलने का अनुभव है। उन्होंने इस प्रतियोगिता में तीन अर्धशतक लगाये हैं जिनमें उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 91 है। आलराउंडर रविंद्र जडेजा ने भी विश्व कप में आठ मैच खेले हैं लेकिन उनका सर्वोच्च स्कोर 23 है। विश्व कप में अब तक केवल दो बल्लेबाज दोहरे शतक लगा पाये हैं। इस प्रतियोगिता में सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी का रिकार्ड न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल के नाम पर है जिन्होंने 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ वेलिंगटन में नाबाद 237 रन बनाये थे। इसी विश्व कप में वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल ने जिम्बाब्वे के खिलाफ कैनबरा में 215 रन की पारी खेली थी। 

प्रमुख खबरें

Daiichi मामले में Fortis Healthcare को Supreme Court से झटका, फॉरेंसिक ऑडिट का आदेश बरकरार

Asian Games Archery: Dhiraj Bommadevara की अगुवाई में भारतीय दल करेगा अभियान का आगाज

South Africa ने पहले ODI में Australia को 67 रन से हराया, Matthew Breetzke का शतक

बैठक में सिंधिया ने टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन TMZ के आगामी कार्ययोजना को लेकर की समीक्षा, सिंधिया ने अधिकारियों को दिए निर्देश