By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 12, 2026
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दोनों गुटों के विलय की अटकलों पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की टिप्पणी को लेकर राकांपा (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने बृहस्पतिवार को उन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनकी बातों में सत्ता का अहंकार झलकता है। फडणवीस ने मंगलवार को कहा था कि राकांपा के दोनों प्रतिद्वंद्वी गुटों के प्रमुख शरद पवार और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ही स्पष्ट कर सकते हैं कि उनकी पार्टियों का फिर से विलय होगा या नहीं। उन्होंने यह भी कहा था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से परामर्श किए बिना विलय नहीं हो सकता, क्योंकि भाजपा सत्तारूढ़ गठबंधन की सबसे बड़ी घटक पार्टी है।
रोहित पवार ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की टिप्पणी सत्ता में बैठे लोगों के अहंकार को दर्शाती है। पुणे के मुंढवा जमीन मामले और पिंपरी चिंचवड़ नगर निगम (पीसीएमसी) चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि इस मामले में अजित पवार को कथित तौर पर ब्लैकमेल करने की कोशिशों के बावजूद दिवंगत राकांपा नेता भाजपा के सामने जरा भी नहीं झुके थे। रोहित पवार ने अपनी पोस्ट में सवाल किया, अजित दादा को कौन ब्लैकमेल कर रहा था और उन्हें ब्लैकमेल करने का आदेश किसने दिया था?
विधायक ने आगे कहा कि जिन भाजपा नेताओं की राजनीति ब्लैकमेल पर आधारित है, उन्हें राकांपा के दोनों गुटों को एक साथ लाने के मुद्दे पर टिप्पणी करने से बचना चाहिए। अजित पवार के बेटे और राज्यसभा सदस्य पार्थ पवार अमादिया एंटरप्राइजेज एलएलपी में बहुलांश हिस्सेदार हैं। इस कंपनी ने पुणे के पॉश मुंढवा इलाके में 40 एकड़ सरकारी जमीन 300 करोड़ रुपये में खरीदी थी, जो उसके वास्तविक मूल्य से काफी कम बताई गई।
आरोप है कि कंपनी को 21 करोड़ रुपये के स्टांप शुल्क के भुगतान से भी छूट दी गई थी। इस विवादित सौदे को कथित तौर पर संभव बनाने में मदद करने के आरोप में कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मुंढवा जमीन सौदे का मुद्दा इस साल जनवरी में हुए पीसीएमसी चुनावों के दौरान भाजपा के एक नेता ने उठाया था।
उस समय महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री रहे अजित पवार की इसी साल जनवरी में विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार राकांपा की प्रमुख और राज्य की उपमुख्यमंत्री बनीं। अजित पवार के निधन के बाद से ही राकांपा के दोनों गुटों के विलय की अटकलें लगाई जा रही हैं।
पिछले सप्ताह सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के नेता प्रफुल्ल पटेल और पार्थ पवार सहित कई नेताओं की शरद पवार से मुलाकात के बाद विलय की चर्चाओं को और बल मिला। महाराष्ट्र राकांपा अध्यक्ष सुनील तटकरे और उनकी पार्टी के नेता धनंजय मुंडे ने बुधवार को फडणवीस से मुलाकात की। यह मुलाकात राकांपा के दोनों गुटों के संभावित विलय और सत्तारूढ़ गुट की ओर से वित्त विभाग की मांग किए जाने की खबरों के बीच हुई।
फिलहाल यह विभाग फडणवीस के पास है।