By Prabhasakshi News Desk | Sep 25, 2024
विजयवाड़ा । आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित करीब चार लाख लोगों को राहत प्रदान करने के लिए 602 करोड़ रुपये की राशि जमा कराई गई है। उन्होंने कहा कि इस आपदा से अनुमानित 7,600 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। नायडू के मुताबिक, हाल ही में आई बाढ़, अतीत में आए चक्रवातों सहित किसी भी अन्य प्राकृतिक आपदा से अलग थी और इससे सार्वजनिक व निजी दोनों तरह की संपत्तियों को भारी नुकसान हुआ।
उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए दावा किया था, “लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिक्रिया दिखाई है। मुख्यमंत्री राहत कोष में 400 करोड़ रुपये दान के रूप में आए, किसी अन्य राज्य को इतना दान नहीं मिला होगा। यह सबसे अधिक है।” मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य सरकार द्वारा बनाए गए विश्वास की वजह से लोग इतनी बड़ी राशि दान करने के लिए आगे आए। उन्होंने कहा कि अमेरिका से आए दानदाताओं ने अपने रिश्तेदारों को व्यक्तिगत रूप से चेक सौंपने के लिए प्रेरित किया जबकि कुछ लोग व्हीलचेयर पर भी दान करने आए।