By एकता | Nov 16, 2025
पंजाब के फिरोजपुर शहर में रविवार देर शाम एक युवक नवीन अरोड़ा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। नवीन अरोड़ा कथित तौर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ा हुआ था।
घटना उस समय हुई जब मृतक नवीन अरोड़ा (उम्र 30 से 40 वर्ष के बीच) अपने घर लौट रहे थे। फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
एसएसपी भूपिंदर सिंह ने कहा, 'नवीन को घर लौटते समय दो अनजान लोगों ने गोली मार दी। हम मामले की जांच कर रहे हैं और दोषियों को पकड़ने के लिए कई टीमें तैनात कर दी हैं। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। 3-4 एसएचओ और 2 डीएसपी इस मामले पर काम कर रहे हैं। दोषियों को कानून के मुताबिक सज़ा दी जाएगी।'
मृतक के रिश्तेदार अनिल कुमार ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए बताया कि नवीन का किसी से कोई झगड़ा नहीं था। अनिल कुमार ने कहा, 'कल रात करीब 6 बजे, जब वह (नवीन अरोड़ा) अपने रास्ते जा रहा था, तो दो लोगों ने उसे गोली मार दी और भाग गए। उसका किसी से कोई झगड़ा नहीं था। वे लोग बिना कुछ कहे बस आए और उसे गोली मार दी... परिवार ने हमेशा सभी की मदद की है। पुलिस कल रात से हमारा साथ दे रही है और हमें भरोसा है कि वे हमें इंसाफ दिलाएंगे।'
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है और हत्यारों की तलाश जारी है।