By अनुराग गुप्ता | Mar 05, 2022
कीव। रूस और यूक्रेन के बीच दसवें दिन भी युद्ध जारी है। इसी बीच रूस ने यूक्रेन के दो शहरों में सीजफायर का ऐलान किया है। ताकि युद्ध में फंसे लोग वहां से निकल सकें। जिन इलाकों में सीजफायर का ऐलान किया गया है, वो मारियुपोल, वोल्नोवाखा है।
मंत्रालय ने बताया कि मानवीय गलियारों और निकास मार्गों पर यूक्रेनी पक्ष के साथ सहमति बनी है। इससे पहले रूस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को सूचित किया था कि रूसी बसें पूर्वी यूक्रेन के खारकीव और सूमी शहरों में भारतीय छात्रों और अन्य विदेशी नागरिकों को निकालने के लिए क्रॉसिंग पॉइंट पर तैयार हैं, जो युद्ध के बीच वहां पर फंसे हुए हैं।
दक्षिणी यूक्रेन में तेज हुआ संग्राम
राजधानी कीव समेत कई बड़े शहरों में एयर साइरन बज रहे हैं और लोगों को बंकरों में जाने की हिदायद दी जा रही है। आपको बता दें कि रूसी सेना ने दक्षिणी यूक्रेन में आगे बढ़ना शुरू कर दिया है। सड़कें और इमारतें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं और चारों तरफ सिर्फ दर्द का मंजर दिखाई दे रहा है। यूक्रेन के तीन शहरों कीव, चर्नीहीव, जायतोमीर में एयर साइरन सुनाई दे रहा है। इसके साथ लोगों को बंकरों में जाने की सलाह दी जा रही है।