अमेरिका के साथ तनाव के बीच रूस ने चीन संग मिलकर शुरू किया युद्धाभ्यास

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 02, 2022

मॉस्को, 2 सितंबर (एपी)। अमेरिका के साथ तनाव के बीच रूस ने बृहस्पतिवार को चीन और अन्य देशों की सेनाओं को शामिल करते हुए सप्ताह भर चलने वाला युद्धाभ्यास शुरू किया। रूस के युद्धाभ्यास का मकसद यह भी दिखाना है कि यूक्रेन में युद्ध में उसके सैनिकों के भाग लेने के बावजूद उसके पास पर्याप्त सैन्य ताकत है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि वोस्तोक 2022 (ईस्ट 2022) अभ्यास रूस के सुदूर पूर्व और जापान सागर में सात फायरिंग रेंज में सात सितंबर तक चलेगा। इस अभ्यास में 50,000 सैनिक, 140 विमान और 60 युद्धपोत समेत 5000 हथियार इकाइयां हिस्सा लेंगी।

चीन के अखबार ‘ग्लोबल टाइम्स’ ने कहा है कि यह पहली बार है कि रूसी अभ्यास में हिस्सा लेने के लिए सेना के तीनों अंगों के कर्मियों को भेजा गया है। अखबार ने इसे चीन-रूस के बीच प्रगाढ़ सैन्य सहयोग और आपसी विश्वास का प्रतीक बताया है। अभ्यास दिखाता है कि यूक्रेन में 24 फरवरी को रूसी सैनिकों के हमले के बाद मॉस्को और बीजिंग के बीच रक्षा संबंध मजबूत हुए हैं। रूस-चीन के संबंधों पर करीबी नजर रखने वाले राजनीतिक विश्लेषक एलेक्जेंडर गबुएव ने कहा, ‘‘बीजिंग के लिए यह दिखाना बहुत महत्वपूर्ण है कि उसके पास अमेरिका और उसके वैश्विक हितों पर दबाव बनाने की क्षमता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘नौसेना समेत मॉस्को के साथ संयुक्त अभ्यास का मकसद यह संदेश देना है कि अगर बीजिंग पर दबाव बनाया जाता रहा तो उसके पास रूस के साथ सैन्य भागीदारी को मजबूत करने के अलावा और कोई विकल्प नहीं होगा।’’ हालिया वर्षों में रूस और चीन ने नौसैन्य अभ्यास समेत कई युद्धाभ्यास किए हैं। पिछले साल संयुक्त अभ्यास के लिए चीनी क्षेत्र में रूसी सैनिकों की तैनाती की गई थी।

प्रमुख खबरें

यूक्रेनी ड्रोन हमले से Russia की टेक कंपनी Yandex का डेटा सेंटर ठप

रिहाई के बाद CJP नेताओं ने भरी हुंकार, देशभर में प्रदर्शन करने का किया ऐलान

36 साल की उम्र में Bhuvneshwar Kumar की Team India में वापसी पर बोले Suresh Raina

Emotional Intelligence में महिलाएं पुरुषों से आगे, 76 देशों के अध्ययन में सामने आया सच