रूसी लड़ाकू विमान साइबेरिया में एक इमारत पर गिरा, दो पायलटों की मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 24, 2022

रूस के साइबेरियाई क्षेत्र के शहर इरकुत्स्क में रविवार को एक रूसी लड़ाकू विमान एक रिहायशी इमारत से टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसके कारण उसमें सवार दोनों पायलटों की मौत हो गयी। एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी घटना है जब इस क्षेत्र में कोई लड़ाकू विमान किसी रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। इरकुत्स्क के गवर्नर इगोर कोबजेव ने कहा कि विमान दो मंजिला एक निजी रिहायशी इमारत पर गिरा, जिसमें दो परिवार रहते हैं।

इस दुर्घटना के कारण इमारत में रहने वाले किसी व्यक्ति के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को अस्थायी आवास और मुआवजे की पेशकश की जाएगी। दुर्घटना के कारण का तत्काल पता नहीं चल पाया है और इस सिलसिले में आधिकारिक जांच शुरू हो गई है। इससे कुछ दिन पहले 17 अक्टूबर को येस्क में एक रिहायशी इमारत के पास रूसी युद्धक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई थी और 19 अन्य लोग घायल हो गए थे।

यह विमान दुर्घटनाएं यूक्रेन में चल रही लड़ाई के परिणामस्वरूप रूसी वायु सेना पर दबाव को दर्शाती हैं। रूसी विमान बनाने वाले संयंत्रों के एक सरकार नियंत्रित समूह यूनाइटेड एयरक्राफ्ट कॉरपोरेशन ने एक बयान जारी कर कहा कि रविवार को सुखोई-30 लड़ाकू विमान एक प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे आग लग गई।

इस दौरान विमान में कोई हथियार नहीं था। रूसी सोशल नेटवर्क पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में लड़ाकू विमान को लगभग लंबवत गिरते हुए देखा जा सकता है। दुर्घटना के एक अन्य वीडियो में आग की लपटों से घिरी इमारत और आग बुझाने के लिए तैनात दमकलकर्मियों को देखा जा सकता है। छह लाख से अधिक आबादी वाला इरकुत्स्क शहर रूस का एक बड़ा औद्योगिक केंद्र है, जहां सुखोई-30 लड़ाकू विमानों का निर्माण किया जाता है।

सुखोई-30 दो इंजनों वाला एक सुपरसोनिक लड़ाकू विमान है, जिसका इस्तेमाल रूसी वायु सेना करती रही है।भारत और चीन समेत कई अन्य देशों की वायु सेना में भी यह विमान शामिल हैं। रूसी सेना की ओर से 24 फरवरी को यूक्रेन के खिलाफ शुरू किए गए आक्रमण के बाद यह 11वीं ऐसी घटना है, जिसमें युद्ध से संबंध नहीं रखने वाला लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है।

All the updates here:

प्रमुख खबरें

PM Modi अब तो बोलिए! Khamenei की मौत पर Rahul Gandhi का सवाल- क्या हत्या का समर्थन करते हैं?

YouTube Shorts का बड़ा दांव, नए AI Features से Instagram Reels और TikTok को मिलेगी कड़ी टक्कर

Kitchen Hack: आलू चिप्स में मिलाएं बस यह 1 चीज, बनेंगे एकदम Perfect और कुरकुरे

PM Modi का उद्योग जगत को मंत्र: मजबूत Indian Economy दुनिया की उम्मीद, अब Export पर हो जोर