यूक्रेन की सड़कों पर हर तरफ नजर आ रहे हैं शव, अब तक 20 लाख लोगों ने छोड़ा देश

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 09, 2022

मॉस्को। रूस के यूक्रेन पर आक्रमण करने के बाद, दो सप्ताह से भी कम समय में करीब 20 लाख लोगों ने पूर्वी यूरोपीय देश छोड़ दिया है, जिनमें से आधे बच्चे हैं और हर नए दिन के साथ यह पलायन द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से यूरोप का सबसे बड़ा शरणार्थी संकट बनता जा रहा है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। रूसी सेना से घिरे यूक्रेनी शहरों में मानवीय स्थिति और अधिक विकट हो गई है, जिसमें मारियुपोल भी शामिल है, जहां सड़कों पर हर तरफ शव नजर आ रहे हैं और अभी तक वहां कोई मानवीय मदद नहीं पहुंच पाई है। यूक्रेनी सेना के एक अधिकारी ने कहा कि देश को सबसे ज्यादा ‘हवाई रक्षा प्रणाली’ की जरूरत है। ‘प्लैनेट लैब्स पीबीसी’ के उपग्रह से ली गई तस्वीरों में बेलारूस की राजधानी मिंस्क के बाहर ‘माचुलिशची एयर बेस’ पर बेलारूसी और संदिग्ध रूसी हेलीकॉप्टर नजर आ रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: यूक्रेन की मदद के लिए पोलैंड ने अमेरिका को लड़ाकू विमान देने का प्रस्ताव रखा

यूक्रेन में संयुक्त राष्ट्र मिशन की अधिकारी नतालिया मुद्रेंको ने रूस पर नागरिकों को ‘‘बंधक’’ बनाने का आरोप लगाया और कहा कि मारियुपोल तथा अन्य शहरों में स्थिति गंभीर है और विश्व नेताओं तथा मानवीय एवं चिकित्सा संगठनों को तत्काल मदद करनी चाहिए। उन्होंने मंगलवार की दोपहर को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक बैठक में कहा कि नागरिकों, ज्यादातर महिलाओं और बच्चों को ‘‘जाने की अनुमति नहीं है और मानवीय सहायता को वहां पहुंचाने नहीं दिया जा रहा है।’’ वहीं, रूसी सेना ने काफिले पर गोलीबारी से इनकार किया और यूक्रेन पर निकासी प्रयासों को बाधित करने का आरोप लगाया है। युद्ध की जमीनी स्थिति... यूक्रेन की आपात सेवाओं ने बताया कि रूसी विमानों ने मंगलवार की रात को यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव और कीव के पश्चिमी हिस्से के आसपास के आवासीय क्षेत्रों पर बमबारी की और रूसी सेना ने कीव के उपनगरों में भी गोलाबारी तेज कर दी है। एजेंसी ने बताया कि जितोमिर के पास 25,000 लोगों की आबादी वाले शहर मालिन में बमबारी में दो बच्चों सहित कम से कम पांच लोग मारे गए और एक कपड़ा कारखाना तथा सात मकान तबाह हो गए। खारकीव के पास चुहूयीव में बमबारी में सात वर्षीय बच्चे सहित दो लोगों की मौत हो गई। यूक्रेनी अधिकारियों ने कीव के उपनगरों बुच, होस्तोमेल, इरपिन, विश्होरोद और बोरोदियांका में भी स्थिति गंभीर होने की जानकारी दी है। युद्ध में अभी तक कितने लोग मारे गए? ऐसा माना जाता है कि हजारों लोग मारे गए हैं, जिनमें नागरिक और सैनिक दोनों शामिल हैं।

हालांकि, वास्तविक आंकड़ा अभी तक स्पष्ट नहीं है। ‘नेशनल इंटेलिजेंस’ के निदेशक एवरिल हैन्स ने मंगलवार को वाशिंगटन में सांसदों को बताया कि अमेरिका का मानना ​​है कि रूस ने अपने आक्रमण शुरू करने से पहले यूक्रेन की ताकत को कम करके आंका और उसके भी कई लोग हताहत हुए हैं। यूक्रेन को कितनी सहायता मिली.. पेंटागन का दौरा करने के बाद वाशिंगटन में यूक्रेनी दूतावास के अधिकारी मेजर जनरल बोरिस क्रेमेनेत्स्की ने मंगलवार को बताया कि अतिरिक्त वायु रक्षा क्षमताएं यूक्रेन के लिए पहली प्राथमिकता हैं। क्रेमेनेत्स्की ने ‘एपी’ को बताया , ‘‘ यह जमीन पर आधारित वायु रक्षा प्रणाली हो सकती है। यह युद्धक विमान हो सकते हैं या जो भी संभव हो.....।’’ वहीं, पोलैंड ने यूक्रेन की सेना की मदद करने के लिए अमेरिका को अपने सभी एमआईजी-29 लड़ाकू विमान देने का प्रस्ताव दिया है। हालांकि अमेरिकी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह प्रस्ताव उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के लिए गंभीर चिंताएं पैदा करता है और यह योजना ‘‘तर्कसंगत नहीं’’ है। रूस पर प्रतिबंध.... रूस को आर्थिक स्तर पर अलग-थलग करने के प्रयास निरंतर जारी हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने रूसी तेल आयात पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की और बहुराष्ट्रीय तेल एवं गैस कम्पनी ‘शेल’ ने कहा कि वह अब रूस से तेल और प्राकृतिक गैस नहीं खरीदेगी। वहीं, मैकडॉनल्ड्स, स्टारबक्स, कोका-कोला, पेप्सिको और जनरल इलेक्ट्रिक जैसे कई वैश्विक ब्रांड ने घोषणा की है कि वे यूक्रेन पर आक्रमण के जवाब में रूस में अपने व्यापार को अस्थायी रूप से निलंबित कर रहे हैं।

प्रमुख खबरें

NASCAR Cup Series: क्षतिग्रस्त कार के बावजूद Ryan Blaney ने जीता Atlanta मुकाबला, Bubba Wallace को लगा झटका

Volkswagen CEO का अल्टीमेटम: लागत कम नहीं हुई तो जाएगी 50,000 Jobs, यूनियन के विरोध के बीच कंपनी का Mega Plan

Balogun Controversy: Donald Trump की पैरवी और FIFA की मेहरबानी भी नहीं आई काम, Belgium ने अमेरिका को चटाई धूल

Cricket News: इंग्लैंड और जिम्बाब्वे दौरे से पहले टीम इंडिया में बदलाव, Prince Yadav और Ravi Bishnoi को मिला मौका